सावन का पहला सोमवार आज, तैयारियां पूरी
आजमगढ़ सावन के पहले सोमवार को लेकर रविवार को शिव मंदिरों की युद्धस्तर पर साफ-सफाई की गई। सुबह से ही भक्त मंदिर परिसर को चमकाने में जुटे रहे। देर शाम तक सभी मंदिरों को दुल्हन की तरह सजा दिया गया था। शहर के भंवरनाथ मंदिर पर कई दिन से रंग रोगन का काम चल रहा था। आज इसे अंतिम रूप दे दिया गया। मंदिर परिसर को लाइट व झालरों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। सोमवार को सुबह से ही जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं का रेला उमड़ेगा जो देर रात तक जारी रहेगा। इसी के साथ बाबा धाम के लिए कांवरियों का जत्था भी रवाना शुरू हो जाएगा।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : सावन के पहले सोमवार को लेकर रविवार को शिव मंदिरों की युद्धस्तर पर साफ-सफाई की गई। सुबह से ही भक्त मंदिर परिसर को चमकाने में जुटे रहे। शहर के भंवरनाथ मंदिर परिसर को लाइट व झालरों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। सोमवार को सुबह से ही जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं का रेला उमड़ेगा जो देर रात तक जारी रहेगा। इसी के साथ बाबा धाम के लिए कांवरियों का जत्था भी रवाना शुरू हो जाएगा।
इसी प्रकार महराजगंज कस्बा के पश्चिम स्थित भैरोनाथ मंदिर पर भी सावन माह में जलाभिषेक करने वालों का रेला लगता है। यहां भी सुबह-शाम लोग जलाभिषेक करते हैं। सावन माह में तो यहां छटा ही निराली रहती है। सावन माह में भंवरनाथ मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं व कांवरियों को देखते हुए रविवार की रात दस बजे से सोमवार की शाम छह बजे तक रूट डायवर्जन कर दिया गया है। फैजाबाद की ओर से आने वाले सभी वाहन भंवरनाथ चौराहा से जुनेदगंज, हाफिजपुर, बेठौली तिराहा, सिधारी हाइडिल, नरौली तिराहा होते हुए जाएंगे। गोरखपुर से आने वाले वाहन हाफिजपुर से बैठौली, सिधारी, हाइडिल चौराहा, नरौली तिराहा होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। इसी प्रकार वाराणसी, शाहगंज, जौनपुर, इलाहाबाद रोड से आने वाले सभी भारी वाहन जिसे गोरखपुर, अंबेडकरनगर वाया अपने गंतव्य को जाना है वे वाहन बेलइसा, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन तिराहा, नरौली तिराहा, हाइडिल चौराहा, बैठौली तिराहा, हाफिजपुर चौराहा होकर अपने गंतव्य को जाएंगे। आजमगढ़ रोडवेज से गोरखपुर, फैजाबाद रोड जाने वाली रोडवेज, प्राइवेट बसें नरौली तिराहा, हाइडिल तिराहा, बैठौली तिराहा, हाफिजपुर चौराहा होकर अपने गंतव्य तक जाएंगी।