विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ अस्पताल में डॉक्टर की शर्मनाक हरकत, वृद्ध महिला को धक्का दिया, बेटे से मारपीट, वायरल वीड‍ि‍यो के बाद एक्‍शन

By Saurabh SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Mar 2026 01:03 PM (IST)

आजमगढ़ जिला अस्पताल में इलाज के लिए आई 85 वर्षीय वृद्ध महिला को डॉक्टर ने धक्का देकर बाहर निकाल दिया। विरोध करने पर डॉक्टर और उसके सहयोगियों ने महिला के बेटे से मारपीट की। 

HighLights

  1. चिकित्सक ने वृद्ध महिला को अस्पताल से बाहर धकेला।

  2. विरोध करने पर डॉक्टर ने बेटे से मारपीट की।

  3. उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मामले की जांच के आदेश दिए।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जिला अस्पताल में इलाज के लिए आई वृद्ध महिला को डाक्टर ने धक्का देकर बाहर निकाल दिया। धरती के भगवान कहे जाने वाले चिकित्सक का यह कृत्य मानवता को शर्मसार करने वाला है। इसके बाद वृद्ध महिला के पुत्र से भी डाक्टर ने इलाज को लेकर कहासुनी करनी शुरू कर दी। इतने में चिकित्सक के अन्य सहयोगी भी आ गए और सब मिलकर वृद्ध के बेटे को मारने-पीटने लगे। चिकित्सक और उसके सहयोगियों द्वारा की गई इस घटना को देखकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोग भी आक्रोशित होने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह से शांत कराया। वृद्ध महिला ने चिकित्सक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जिला अस्पताल में गुरुवार की दोपहर को इलाज के लिए पहुंची वृद्ध महिला से चिकित्सक द्वारा हुई मारपीट की घटना को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने संज्ञान लिया है। उन्होंने अपर निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने का निर्देश दिया है। सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने एवं तीन दिन के भीतर जांच आख्या उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।

जहानागंज थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी 85 वर्षीय सावित्री सिंह का घर में गिरने के कारण हाथ में चोट लग गई थी। आरोप है कि गुरुवार की दोपहर काे वह अपने पुत्र देवेंद्र सिंह के साथ कमरा नंबर 26 में आर्थो सर्जन डा. विनोद कुमार को दिखाने के लिए आई थीं। इस दौरान ओपीडी में मरीज कम थे, लेकिन डा.विनोद उन्हें देखना नहीं चाहते थे। पीड़ित सावित्री सिंह गिड़गिडाते हुए चिकित्सक से अपने हाथ को देखने की गुहार लगाती रही, लेकिन डाक्टर ने कहा अब नहीं देखेगें।

सावित्री के पुत्र देवेंद्र सिंह भी डाक्टर से अपनी मां को देखने की जिद करने लगा, इतने में नाराज डाक्टर ने सावित्री सिंह का हाथ पकड़कर बाहर निकाल दिया। इसके बाद चिकित्सक ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर देवेंद्र के साथ हाथापाई करने लगा। इस घटना के बाद अस्पताल के और कर्मचारी उपस्थित हो गए। पूरे मामले का किसी ने वीडियो बना कर प्रसारित कर दिया। मामले को बढ़ता देख डा. विनोद मौके से फरार हो गए। अस्पताल में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच करने के बाद चिकित्सक पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया तब जाकर मामला शांत हुआ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।