चयनित गांवों में सर्वे में सुस्ती, डीएम नाराज
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) में चयनित गांवों के सर्वे में विलंब होने से जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला को निर्देश किया कि चयनित गांवों का सर्वे शीघ्र करा लें।
जासं, आजमगढ़ : प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) में चयनित गांवों के सर्वे में विलंब होने से जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला को निर्देश दिया कि चयनित गांवों का सर्वे शीघ्र करा लें। सीडीओं ने भी सर्वे की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए बीडीओ से चयनित गांवों के सर्वे को 19 अक्टूबर तक कराने का निर्देश दिया। कहा कि अब सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चयनित गांवों में आवश्यकता परक मूल्यांकन के लिए परिवार स्तरीय आंकड़ा उपलब्ध कराने के लिए खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया जा चुका है। इसमें चयनित ग्रामों की एक ऐसी विस्तृत, वास्तविक व व्यवहारिक रूपरेखा तैयार करना है जिससे ग्राम के समस्त परिवारों का डोर-टू-डोर सर्वे किया जा सके। इसके लिए 27 सितंबर को एक दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास विनोद कुमार सिंह ने बताया कि इसमें पल्हनी, जहानागंज, सठियांव, पल्हना, मेहनगर, बिलरियागंज, लालगंज, ठेकमा व मुहम्मदपुर आदि विकास खंड शामिल हैं।