विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 16 दिसंबर तक प्राप्त किए जाएंगे दावे औरआपत्तियां
आजमगढ़ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर से दावे व आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं, जो 16 दिसंबर तक चलेंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर बीएलए की तैनाती और ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों की जानकारी दी।

प्रतिदिन का डाटा डीइओ आजमगढ़ पोर्टल पर कर सकते हैं अवलोकन
HighLights
दावे और आपत्तियां 16 दिसंबर तक प्राप्त होंगी।
28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे।
तहसील कार्यालयों में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त राजनीतिक दलों, उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि 17 नवंबर से शुरू हुए दावे एवं आपत्ति के संदर्भ में कोई भी जनमानस डीइओ की वेबसाइट पर प्रतिदिन प्राप्त होने वाले फार्म-6, 7 व 8 की जानकारी एवं किन-किन व्यक्तियों का फार्म अपलोड हुआ है, आदि जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों से अविलंबध बूथ लेवल एजेंट(बीएलए) की तैनाती करने को कहा।
16 दिसंबर तक चलने वाले दावे एवं आपत्ति के दौरान कोई भी मतदाता अपने संबंधित बूथ पर कार्यालय समयावधि में जाकर फार्म जमा कर सकता है। सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सहित एक अन्य शिक्षक को प्राधिकृत किया गया है, जो फार्म लेकर बीएलओ रजिस्टर में अंकित करेगा।
प्रत्येक विधानसभा से संबंधित तहसील कार्यालय में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया गया है, जहां वे जाकर ईवीएम वोटिंग प्रक्रिया के माध्यम से डमी वोटिंग कर वीवीपैट, बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट सहित पूरे मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि 28 एवं 29 नवंबर को जनपद के समस्त बूथों पर विशेष अभियान दिवसों का आयोजन किया जाएगा।
इन दिवसों में बूथ लेवल अधिकारी अपने बूथ पर आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में फार्मों के साथ उपस्थित रहेंगे। डिप्टी कलेक्टर आकाश आनंद, डीआइओ डा. पंकज कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।