आजमगढ़ में बर्खास्त सिपाही का घर में फंदे से लटकता मिला शव, पुलिस वजहों की तलाश में जुटी
आजमगढ़ के खराट गांव में एक बर्खास्त सिपाही श्रीकांत राय का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है, सिपाही को दो साल पहले सेवा से बर्खास्त किया गया था और उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी।

आजमगढ़ में बर्खास्त सिपाही ने घर में लगाई फांसी पुलिस जांच में जुटी।
HighLights
आजमगढ़ में बर्खास्त सिपाही श्रीकांत राय का शव फंदे से मिला।
दो वर्ष पूर्व ड्यूटी में लापरवाही के कारण बर्खास्त हुए थे।
पत्नी छोड़ चुकी थी, पुलिस कारणों की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के खराट गांव में गुरुवार की रात बर्खास्त सिपाही का घर में फंदे से लटकता शव मिलने से हलचल मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और स्वजन के सहयोग से शव को नीचे उतरवाया।
खराट गांव निवासी 42 वर्षीय श्रीकांत राय उर्फ राजू वर्ष 2019 में मृतक आश्रित कोटे से प्रतापगढ़ जिले में सिपाही के पद पर नियुक्त हुए थे। उनकी मां प्रमिला ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही और शिकायतों के चलते विभागीय कार्रवाई के बाद करीब दो वर्ष पूर्व उन्हें सिपाही के पद से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद से वह घर पर ही रह रहे थे।
आपसी विवाद के चलते पत्नी भी उन्हें छोड़कर चली गई थी। गुरुवार की शाम बाजार से घर लौटने के बाद श्रीकांत अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद स्वजन ने किसी काम से उन्हें आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर उनका शव रस्सी के सहारे छत के कुंडे से लटकता दिखाई दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। घटना के बाद से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।