विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ की युवती से सामू‍ह‍िक दुष्‍कर्म कर वेश्‍यालय में कराते रहे देह व्‍यापार, तस्करी की शिकार युवती बंगाल से हुई बरामद

By Saurabh Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 20 Nov 2026 06:00 PM (IST)

आजमगढ़ पुलिस ने प्रेमजाल में फंसाकर देह व्यापार के लिए बेची गई युवती को पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद किया है। इस मामले में सरगना सहित सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने युवती को वेश्यालय में बंधक बनाकर रखा था।

आजमगढ़ की युवती को प्रेमजाल में फंसाकर बेचा, पुलिस ने पश्चिम बंगाल से छुड़ाया।

आजमगढ़ की युवती को प्रेमजाल में फंसाकर बेचा, पुलिस ने पश्चिम बंगाल से छुड़ाया।

HighLights

  1. आजमगढ़ की युवती को प्रेमजाल में फंसाकर बेचा गया।

  2. पुलिस ने पश्चिम बंगाल से युवती को सकुशल बरामद किया।

  3. मानव तस्करी गिरोह के सरगना सहित सात गिरफ्तार हुए।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। किशोरियों और युवतियों को प्रेमजाल तथा नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार के लिए बेचने वाले गिरोह का अहरौला थाना की पुलिस ने राजफाश किया है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि पुलिस टीम ने बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के गोवालपोखर थाना के पारा पंजीपाड़ा से सरगना सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

टीम ने अहरौला क्षेत्र से मानव तस्करी की शिकार हुई युवती को भी सकुशल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान (सरगना) मुहम्मद अली निवासी पारा पंजीपाड़ा, सुरेश राम निवासी बखरा,मोतीपुर, मुजफ्फरपुर, बिहार और महेश कुमार निवासी बेलवा रायखास, थाना तुरकौलिया, पूर्वी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है।

इस मामले में अब तक सात आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एक महिला ने 18 मार्च को अहरौला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से कहीं चली गई है। पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की तो मामला मानव तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा मिला। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी शिवा मंडल ने करीब दो माह तक फोन पर बातचीत कर युवती को प्रेमजाल में फंसाया।

शादी का झांसा देकर उसे गोरखपुर रेलवे स्टेशन बुलाया, लेकिन खुद नहीं पहुंचा। वहां युवती को लेने के लिए अभिषेक राज और उसकी पत्नी सितारा खातून को भेज दिया। दोनों युवती को लेकर पूर्णिया के गफ्फार मियां के पास पहुंचा दिया गया। पूर्णिया में उसकी मुलाकात महेश कुमार और सुरेश राम से हुई। दोनों उसे नौकरी दिलाने के बहाने सरिता नाम की महिला एजेंट के पास ले गए।

सरिता ने युवती को पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर निवासी मुहम्मद अली को करीब एक लाख रुपये में बेच दिया। जबकि उसे युवती तक पहुंचाने वाले लोगों को आठ-आठ हजार रुपये कमीशन के रूप में दिया। उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी ने मामले में सबसे पहले आरोपित शिवा मंडल को 17 सितंबर को बंगाल से गिरफ्तार किया।

उसने पूछताछ में कई जानकारी दी, इसके बाद मनीष मणि ने युवती को पूर्णिया पहुंचाने वाले अभिषेक और सितारा को पांच नवंबर को बिहार के पूर्वी चंपारण से गिरफ्तार करने में सफल रही।इसके बाद टीम ने गफ्फार मियां को नौ नवंबर को बिहार के मधुबन जिले के सरैया स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। गफ्फार ने पुलिस टीम को उलझाने के लिए बताया कि उसने युवती को बंगलादेश बेच दिया है।

लेकिन कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपित गफ्फार ने बताया कि युवती को सरिता नाम की एजेंट को बेच दिया है। सरिता ने युवती को मो.अली को बेचा है इसके बदले मुझे बस रुपये मिले थे। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार के निर्देशन में अहरौला पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने 18 नवंबर को बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के गोवालपोखर थाना क्षेत्र के पारा पंजीपाड़ा में छापेमारी की। वहां से सुरेश राम, महेश कुमार और मुहम्मद अली को गिरफ्तार करते हुए युवती को मुक्त कराया।

युवती के साथ चाकू की नोक पर किया गया था सामूह‍िक दुष्‍कर्म

जब युवती को पता चला की उसे देह व्यापार के लिए बेच दिया गया है, तब उसने विरोध शुरू किया।उसने कई बार भागने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाई। बाहर निकलते ही अली के लोग उसे पकड़कर वापस ले आते। युवती ने बताया कि सरिता के घर पर उसके साथ चाकू के बल पर बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। इसके बाद मुहम्मद अली उसे अपने वेश्यालय में ले गया और बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराने लगा।

25 हजार का नगद पुरस्कार

कार्रवाई करने वाली टीम में अहरौला थाने के उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी, एएचटीयू के निरीक्षक अमित शर्मा, आरक्षी सुधीर प्रजापति, महिला आरक्षी रीमा कुमारी और सर्विलांस सेल के आरक्षी बसंत यादव शामिल रहे। युवती को सकुशल बरामद करने पर एसएसपी डा. अनिल कुमार ने टीम के प्रत्येक सदस्य को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।