आजमगढ़ में बनेंगे 88 नए मॉडर्न आंगनबाड़ी सेंटर, निर्माण के लिए जमीन चिह्नित
आजमगढ़ में 88 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे, जिनके लिए राजस्व विभाग ने जमीन चिन्हित कर ली है। बाल विकास पुष्टाहार विभाग ने भवन निर्माण और सुविधाओं के लिए शासन को बजट का प्रस्ताव भेजा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
आजमगढ़ में 88 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे।
राजस्व विभाग ने निर्माण के लिए जमीन चिन्हित की है।
बजट के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जिले में 88 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे। इसके लिए राजस्व विभाग ने ग्रामसभाओं और स्कूल में जमीन का चिन्हीकरण कर लिया है। अब भवन निर्माण एवं अन्य कार्यों को कराने के लिए बाल विकास पुष्टाहार विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेजकर बजट की डिमांड की है।
आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए वीबी-जीराम जी एवं स्टेट फंड से बजट की मांग की गई है। वीबी-जीरामजी के तहत प्रस्ताव स्वीकृत हुआ तो 11 लाख 84 हजार एवं स्टेट फंड में स्वीकृत हुआ तो 26 लाख रुपये एक आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए आवंटित होगा।
इसके साथ ही जिले में संचालित 80 आंगनबाड़ी केंद्रों में आधुनिक सुविधा एलईडी टीवी लगाने, आरओ लगाने के लिए भी सक्षम योजना के तहत बजट की मांग की गई है। जिले में कुल 5588 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं।
जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए बजट की मांग की गई है, उसमें प्रमुख रूप से अगर स्टेट फंड से बजट स्वीकृत हुआ तो आंगनबाड़ी केंद्रों में बेबी फ्रेंडली शौचालय, पोषण वाटिका के साथ ही अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
वीबी-जीराम जी के तहत मिलने वाले फंड में तीन विभागों को अलग-अलग कार्य के लिए बजट आवटित करना होता है। इसमें सात लाख 84 हजार रुपये वीबी-जीराम जी के तहत स्ट्रक्चर के लिए, फिनशिंग और बिजली के साथ ही कुछ अन्य कार्यों के लिए बाल विकार पुष्टाहार विभाग द्वारा दो लाख रुपये और पेयजल एवं शौचालय के लिए पंचायती राज विभाग से दो लाख रुपये मिलते हैं।
650 वर्गफीट से लेकर 1500 वर्गफीट से कम जमीन में 27 आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे, इसमें ग्राम सभा में 18 और विद्यालय परिसर में नौ हैं। इसके साथ ही 1500 वर्गफीट से दो हजार वर्गफीट से कम जमीन में 55 आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने हैं, इसमें विद्यालय परिसर में 50 और ग्रामसभा में पांच शामिल हैं। दो हजार वर्गफीट या इससे अधिक जमीन में छह आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने हैं, इसमें ग्रामसभा में तीन और विद्यालय परिसर में तीन बनाए जाएंगे।
स्टेट फंड और वीबी-जीराम जी के तहत 88 नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण के लिए बजट की मांग की गई है। जमीन का चिन्हीकरण पहले ही किया जा चुका है। जिस मद में बजट आवंटित होगा, शासन की मंशा के अनुरूप कार्य कराया जाएगा। -हेमंत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास पुष्टाहार विभाग।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।