विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में गजब फर्जीवाड़ा! 3 साल से सऊदी में रह रहा बिजली विभाग में तैनात लाइनमैन, उसकी जगह भाई कर रहा ड्यूटी

Published: Wed, 02 Sep 2026 08:09 PM (IST)

विद्युत विभाग का एक लाइनमैन तीन साल से सऊदी में रहकर काम कर रहा है, जबकि उसका भाई उसकी जगह ड्यूटी कर रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. लाइनमैन तीन साल से सऊदी में रहकर कर रहा काम।

  2. उसकी जगह भाई विद्युत विभाग में दे रहा ड्यूटी।

  3. ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जांच और कार्रवाई की मांग की।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर तैनात कर्मचारी तीन साल से सऊदी में रहकर कामकाज कर रहा है और यहां पर उसके स्थान पर उसका भाई काम कर रहा है।

ऐसे में संबंधित कर्मचारी के सरकारी सेवा में बने रहने और वेतन भुगतान को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े गए हैं। मामला प्रकाश में आने के बाद विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने उठाए सवाल

मामला उपखंड मार्टीनगंज अंतर्गत सब स्टेशन पुष्पनगर से जुड़ा है। सुधारपुर निवासी रामअधार समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाते हुए बताया कि सदरुद्दीनपुर गांव निवासी गयास अहमद की वर्ष 2023 में सब स्टेशन पुष्पनगर में लाइन मैन के पद पर तैनाती हुई थी, लेकिन ड्यूटी करने के कुछ ही दिन बाद वह सऊदी चला गया।

अब उसकी जगह ड्यूटी उसका भाई एजाज अहमद करता है, जबकि विभागीय अभिलेखों में अब भी गयास अहमद ही सेवा में है। इतना ही नहीं लाइनमैन का भाई उच्चाधिकारियों की सह पर क्षेत्र के लोगों से वसूली भी करता है।

यह भी पढ़ें- यूपी के कस्तूरबा स्कूलों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, इन 6 कामों के लिए 101.49 करोड़ जारी

ग्रामीणों ने कहा कि सवाल यह है कि उसकी नियमित उपस्थिति किस आधार पर दर्ज होती रही। वेतन का भुगतान कैसे किया गया। फील्ड में अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान कर्मचारी की मौजूदगी सुनिश्चित क्यों नहीं हुई। 

इस मामले की जानकारी नही है, अगर ऐसा है तो यह गलत है। पूरे प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

                                                 आरके पांडेय, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड, फूलपुर