आजमगढ़ को दोहरी सौगात: जौनपुर तक होगा सड़क चौड़ीकरण, ठेकमा बाईपास निर्माण को भी मिली मंजूरी
आजमगढ़ में एनएचएआई द्वारा मुहम्मदपुर से जौनपुर तक 44 किमी सड़क का चौड़ीकरण होगा, जिसके लिए 217 करोड़ स्वीकृत हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मुहम्मदपुर-जौनपुर सड़क का 44 किमी चौड़ीकरण होगा।
ठेकामा में 8 किमी लंबा बाईपास बनेगा, 436 करोड़ स्वीकृत।
सड़क के दोनों ओर दो-दो मीटर चौड़ाई बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। एनएचएआई द्वारा ठेकमा क्षेत्र आठ किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 436 करोड़ स्वीकृत हो गया है और जमीन का अधिग्रहण भी पूरा कर लिया गया है। बाईपास का निर्माण कराने के लिए एनएचएआई ने टेंडर प्रक्रिया को पूरा करा लिया है।
उम्मीद है कि इसी सप्ताह से बाईपास का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही एनएचएआई मुहम्मदपुर से जौनपुर स्थित लता मंगेशकर चौक तक 44 किलोमीटर लंबी सड़क पर चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य भी कराएगा, इसके लिए भी 217 करोड़ मंजूर हो चुका है। सड़क की दोनो पटरियों को दो-दो मीटर चौड़ा किया जाएगा, ताकि राहगीरों की राह और भी आसान हो सके।
ठेकामा बाईपास 41.60 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित
वहीं, ठेकमा के सरायमोहन से शुरू होकर गोसाई की बाजार तक बनने वाला बाईपास एनएच-28 से जुड़ जाएगा। इससे ठेकमा, बरदह आदि क्षेत्रों के लोगों को एनएच-28 पर चढ़ने के लिए शहर में नहीं आना पड़ेगा और बाईपास पकड़कर ही वह एनएच-28 पर चढ़कर अपनी आगे की यात्रा कर सकेंगे।
बाईपास के निर्माण के लिए स्वीकृत बजट में से 162 करोड़ से 41.60 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है। शेष बाईपास के निर्माण पर खर्च होगा। इसके साथ ही मुहम्मदपुर से जौनपुर के लता मंगेशकर चौक तक सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाएगा। अभी तक सड़क एक तरफ करीब दस मीटर चौड़ी है, इसे दो मीटर और चौड़ा किया जाएगा। इस तरह से सड़क के दोनो तरफ दो-दो मीटर चौड़ा करने के बाद सड़क करीब बारह मीटर चौड़ी हो जाएगी।
बाईपास के लिए जमीन अधिग्रहण और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। काम शुरु कराने के लिए कार्यस्थल पर कार्यदाई संस्था के कर्मचारी आ गए हैं। इस सप्ताह से ही काम शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही सड़क के चौड़ीकरण में अब कोई बाधा नहीं है। बहुत जल्द इसे भी शुरू कराया जाएगा। चौड़ीकरण होने के बाद इसका सुदृणीकरण कराया जाएगा, ताकि राहगीरों को यात्रा करने में कोई दिक्कत नहीं आए।
-अभिषेक सिंह, सहायक अभियंता, एनएचएआई
यह भी पढ़ें- चुनाव से पहले गोरखपुर में 90 करोड़ से चमकेगी ग्रामीण सड़कें, इन चार मार्गों का होगा चौड़ीकरण
यह भी पढ़ें- यूपी में आठ सड़कों का चौड़ीकरण, बनेगा फोर-लेन हाईवे; इन जिलों में विधानसभा चुनाव से पहले शुरू होगा काम
