आजमगढ़ में अब घर बैठे होगी टीबी की जांच, एआई से मिनटों में मिलेगी रिपोर्ट
आजमगढ़ में स्वास्थ्य विभाग घर-घर पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन से टीबी जांच की सुविधा शुरू कर रहा है। एआई तकनीक ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
घर-घर पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन से टीबी जांच।
एआई तकनीक से एक्स-रे तस्वीरों का त्वरित विश्लेषण, मिनटों में रिपोर्ट।
ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी की जल्द पहचान और समय पर उपचार।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। टीबी की जांच के लिए अब मरीजों को अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग घर-घर पहुंचकर पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन से जांच की सुविधा उपलब्ध कराने जा रहा है।
खास बात यह है कि एक्स-रे की तस्वीरों का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से विश्लेषण होगा और कुछ ही मिनटों में रिपोर्ट चिकित्सक तक पहुंच जाएगी। इसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के सलाहकार डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने अहरौला और कोयलसा के स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया है। प्रशिक्षित कर्मी ब्लॉकवार अभियान चलाकर संदिग्ध मरीजों की जांच करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य टीबी की जल्द पहचान कर समय पर उपचार शुरू करना है। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जांच के लिए अस्पताल तक आने की परेशानी से राहत मिलेगी। मोबाइल हेल्थ यूनिट और प्रशिक्षित टेक्नीशियन मरीजों के घर पहुंचकर डिजिटल एक्स-रे करेंगे।
तस्वीरें ऑनलाइन सर्वर पर अपलोड होते ही एआई साफ्टवेयर उनका विश्लेषण कर फेफड़ों में टीबी के संभावित लक्षणों की पहचान करेगा। इससे संदिग्ध मरीजों को तत्काल चिकित्सकीय परामर्श और आगे की जांच के लिए चिह्नित किया जा सकेगा।
एआई तकनीक एक्स-रे में फेफड़ों की असामान्य गतिविधियों को पहचानकर चिकित्सकों को अलर्ट करेगी। हालांकि टीबी की अंतिम पुष्टि चिकित्सक ही करेंगे। जांच और उपचार से संबंधित मरीजों का पूरा रिकार्ड डिजिटल प्लेटफार्म पर सुरक्षित रखा जाएगा। -पीयूष अग्रवाल, जिला समन्वयक।