आजमगढ़ : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, पिता-पुत्र की मौत; मां-बेटी समेत तीन गंभीर घायल
आजमगढ़ के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे में सिविल इंजीनियर शादाब अहमद और उनके पिता खुर्शीद अहमद की मौत ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे में पिता-पुत्र की दुखद मौत।
शादाब की पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए।
हादसे का कारण नीलगाय या चालक की झपकी पर विवाद।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे किलोमीटर 216 पर तेज रफ्तार मारुति इग्निस कार मेटल बीम क्रैश बैरियर (एमबीसीबी) से टकराकर पलट गई। हादसे में कार चला रहे मऊ निवासी सिविल इंजीनियर शादाब अहमद और उनके पिता खुर्शीद अहमद की मौत हो गई। पत्नी आसमां, बेटी कुलसुम और बेटा अदनान गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों का लाइफलाइन अस्पताल में उपचार चल रहा है। 15 वर्षीय कुलसुम की हालत गंभीर बताई गई है।शादाब दिल्ली के जामिया नगर स्थित ओखला की हाजी कालोनी में परिवार के साथ रहते थे। 19 अक्टूबर को मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह गुरुवार रात करीब 11 बजे कार से मऊ के लिए निकले थे, लेकिन सुबह हादसा हो गया।
नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई कार
यूपीडा के बचाव दल ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शादाब और खुर्शीद को मृत घोषित कर दिया। शादाब के चचेरे भाई साजिद ने दावा किया कि एक्सप्रेसवे पर सामने आई नीलगाय को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हुई।
यह भी पढ़ें- कानपुर: तीन साल में खपाई 10.80 लाख बोरी नकली सीमेंट, भाजपा नेता पर संरक्षण का आरोप
वहीं, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के सिक्योरिटी अफसर राधेश्याम ने बताया कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। सीसीटीवी फुटेज में नीलगाय दिखाई नहीं दे रही है। उनके अनुसार, हादसे के समय कार की गति करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। कार एक्सप्रेसवे के किनारे लगे एमबीसीबी से टकराने के बाद पलट गई।
