आजमगढ़ में खाद की किल्लत से किसान परेशान, अधिक कीमत वसूली पर नहीं लग रही रोक
आजमगढ़ के फूलपुर में किसानों को रबी की बुवाई के दौरान उर्वरक की किल्लत और अधिक कीमत वसूली का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
फूलपुर में किसानों को रबी बुवाई के दौरान उर्वरक की किल्लत।
सरकारी समितियों पर यूरिया अनुपलब्ध, किसान महंगे दामों पर खाद खरीद रहे।
जिला प्रशासन से किसानों ने जल्द यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की।
जागरण संवाददाता, फूलपुर (आजमगढ़)। रवि की बुवाई के दौरान किसानों को उर्वरक की किल्लत से निजात नहीं मिल सकी। कृषि विभाग के अधिकारी और जिला प्रशासन किसानों की समस्या का समाधान कराने में नाकाम साबित हो रहे हैं। वहीं, उर्वरक विक्रेताओं की ओर से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने पर भी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
स्थानीय तहसील क्षेत्र में धान की फसल की कटाई के बाद से ही किसान गेहूं, सरसों और आलू की बुवाई के लिए डीएपी और एनपीके उर्वरक की तलाश में सरकारी गोदामों और साधन सहकारी समितियों के चक्कर लगाते रहे। समय से समितियों पर उर्वरक उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को मजबूरन खुले बाजार से महंगे दामों पर डीएपी खरीदनी पड़ी।
बुआई में जुटे हैं 25 प्रतिशत किसान
किसानों के मुताबिक, करीब 75 प्रतिशत किसान गेहूं की बुवाई कर चुके हैं, जबकि शेष 25 प्रतिशत किसान अभी भी बुवाई में जुटे हैं। इनमें ऐसे किसान भी शामिल हैं, जिनकी धान की फसल गिर गई थी या खेतों में जलभराव के कारण बुवाई में देरी हुई।
अब डीएपी की मांग कम होने के बाद किसानों के सामने यूरिया की समस्या खड़ी हो गई है। तहसील क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों सदरपुर, बरौली, कनेरी और बक्सपुर सहित कई समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं है।
किसानों का आरोप है कि समितियों के गोदामों पर ताले लटके हैं और संबंधित सचिव भी नदारद रहते हैं। ऐसे में किसानों को बाजार के लाइसेंसी विक्रेताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि सरसों की फसल की सिंचाई के बाद यूरिया और जिंक के छिड़काव की जरूरत है। समय पर उर्वरक नहीं मिलने से फसलों की बढ़वार प्रभावित होने की आशंका है।
किसानों की समस्याओं की नहीं हो रहा समाधान
किसान अनवर अंजर, विजयपाल सिंह, रामआसरे यादव, मनीष पाल, रामसिंगार यादव, बत्तीस यादव, बहादुर यादव, सभाजीत यादव, मोहम्मद हासिम, कलंदर प्रजापति और कोमल प्रजापति ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों से लेकर तहसील और जिला स्तर के अधिकारियों तक गुहार लगाई जाती है, लेकिन समाधान नहीं होता। किसानों को एक तरफ महंगे दामों पर उर्वरक खरीदना पड़ रहा है तो दूसरी तरफ उसकी गुणवत्ता को लेकर भी संशय बना रहता है।
किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि साधन सहकारी समितियों पर जल्द से जल्द यूरिया की खेप उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगामी दिनों में फसलों की जरूरत के अनुसार किसानों को उर्वरक मिल सके।
इस संबंध में एडीओ कृषि चंद्रेश यादव ने बताया कि उर्वरक की समस्या से जिले के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही यूरिया की व्यवस्था कराई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।