डॉग लवर्स ध्यान दें! कुत्ता पालने से पहले जान लें प्रशासन के ये सख्त नियम, वरना पड़ सकते हैं बड़ी मुसीबत में
आजमगढ़ में पालतू कुत्तों के पंजीकरण नियमों की अनदेखी पर नगर पालिका सख्त हो गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
HighLights
आजमगढ़ में पालतू कुत्तों का पंजीकरण बेहद कम दर्ज।
एंटी-रैबीज टीकाकरण और 200 रुपये पंजीकरण शुल्क अनिवार्य।
नगर पालिका अब पंजीकरण अभियान चलाकर सख्ती करेगी।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। कुत्ता पालकर इसके शौकीन अपना शौक तो पूरा कर लेते हैं लेकिन नियमों का पालन नहीं करते हैं। इसके लिए नगर पालिका प्रबंधन की उदासीनता भी जिम्मेदार है। हाल यह है कि आजमगढ़ नगर पालिका में सिर्फ दो सौ कुत्तों का ही पंजीकरण दर्ज है।
बिलरियागंज और मुबारकपुर नगर पालिका में एक भी कुत्ते का पंजीकरण नहीं हुआ है। कुत्ता पालने के लिए नगर पालिका प्रबंधन के नियम तो कड़े है लेकिन उसका पालन न तो कुत्ता मालिक कर रहे हैं और न ही नगर पालिका प्रबंधन अपने ही नियमों का उनसे पालन करा पा रहा है। जीयनपुर में घटना होने के बाद नगर पालिका प्रबंधन की निद्रा टूटी है और अब वह पंजीकरण को लेकर अभियान चलाने की तैयारी में है।
कुत्ता पालने वालों का पंजीकरण नगर पालिका में कराना अनिवार्य है, इसमें शून्य से तीन माह तक के कुत्ते का पंजीकरण नहीं होता है। कुत्ते को घर में रखने के पूर्व उसको एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाना अनिवार्य है। नगर पालिका में दो सौ रुपये जमा करने के बाद कुत्तों का पंजीकरण होता है। इसके बाद कुत्ते के मालिक को नगर पालिका द्वारा पट्टा और बिल्ला नंबर दिया जाता है। इस बिल्ला नंबर को कुत्ते के गले में मालिक को उसे घर से बाहर निकालने के समय गले में पहनाना पड़ता है, ताकि अगर कोई घटना/दुर्घटना कुत्ता करता है तो बिल्ला नंबर से उसके मालिक की पहचान की जा सके।
इसके साथ ही कुत्ते के मालिक को वैक्सीनेशन कराने का प्रमाण पत्र हर साल नवीनीकरण के समय देना होता है। अगर कुत्ता का बिल्ला गायब हो जाता है तो एक माह के भीतर उसकी सूचना देने के साथ ही पांच सौ रुपये कुत्ते के मालिक को नगर पालिका में देना होता है, ताकि दूसरा बिल्ला दिया जा सके।
आजमगढ़ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि कुत्ते का पंजीकरण कराने और उनको बिल्ला देने के लिए खाद्य एवं सफाई निरीक्षक दिनेेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। सुबह और शाम के समय टीम शहरी क्षेत्र में भ्रमण कर देखेगी कि किस कुत्ते के गले में बिल्ला लगा पट्टा लगा है कि नहीं। कुत्ते के मालिक से पंजीकरण को लेकर भी टीम पूछेगी और पंजीकरण नहीं होगा तो उसका पंजीकरण होगा और बिल्ला और पट्टा निर्धारित शुल्क जमा कराकर आवंटित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।