आजमगढ़ जिला अस्पताल में जल्द मिलेगी नई सी-आर्म मशीन, जटिल ऑपरेशन में होगी सहूलियत
आजमगढ़ जिला अस्पताल में जल्द ही नई सी-आर्म मशीन उपलब्ध होगी, जिससे जटिल हड्डी फ्रैक्चर के ऑपरेशन आसान हो जाएंगे।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नई सी-आर्म मशीन से जटिल हड्डी ऑपरेशन में मिलेगी सुविधा।
ऑपरेशन के दौरान हड्डियों की अंदरूनी स्थिति स्क्रीन पर दिखेगी।
मरीजों को अब निजी अस्पतालों में जाने की जरूरत नहीं।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। हड्डियों के जटिल फ्रैक्चर और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत की उम्मीद है। मंडलीय जिला अस्पताल में जल्द ही नई सी-आर्म मशीन से ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए शासन को मांग भेजी गई है।
मशीन की मदद से चिकित्सक ऑपरेशन के दौरान स्क्रीन पर हड्डियों की अंदरूनी स्थिति देख सकेंगे। इससे टूटी हड्डियों को सही स्थिति में जोड़ने और प्लेट, राड व स्क्रू लगाने में सहूलियत होगी। अब तक इस सुविधा के अभाव में कई मरीजों को निजी अस्पतालों या दूसरे बड़े चिकित्सा संस्थानों का रुख करना पड़ता था।
जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पुरानी सी-आर्म मशीन से हड्डियों के ऑपरेशन किए जाते थे, लेकिन मशीन अक्सर खराब हो जाती थी। हाल ही में खराबी के कारण करीब दस दिन तक ऑपरेशन बंद रहे।
लखनऊ से आए इंजीनियर ने मशीन ठीक की, लेकिन इसके लगातार सुरक्षित संचालन को लेकर भरोसा नहीं दिया जा सका। सी-आर्म मशीन हड्डी रोग विभाग का महत्वपूर्ण उपकरण है। इसका आकार अंग्रेजी के सी अक्षर जैसा होता है।
एक्स-रे तकनीक पर आधारित इस मशीन से ऑपरेशन के दौरान हड्डियों की लाइव तस्वीर स्क्रीन पर दिखाई देती है। इससे चिकित्सक टूटी हड्डी की स्थिति और प्लेट, राड या स्क्रू की सही जगह का पता लगा सकते हैं। एसआईसी डॉ. सतीश चंद कन्नौजिया ने बताया कि नई मशीन के लिए शासन को मांग भेजी गई है। जल्द ही मशीन मिलने की उम्मीद है।