आजमगढ़ के जिला निर्वाचन अधिकारी बोले - 'हर वोट है जरूरी, मतदाता के रूप में आज ही करवाएं पंजीकरण'
आजमगढ़ के जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष अभियान दिवस पर नागरिकों से मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने का आह्वान किया। युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने पर विशेष जोर दिया गया।

आजमगढ़ में मतदाता पंजीकरण अभियान तेज हर वोट महत्वपूर्ण।
HighLights
आजमगढ़ में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान दिवस आयोजित हुआ।
युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। हर वोट है जरूरी, मतदाता के रूप में आज ही पंजीकरण करवाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में नागरिकों की सुविधा के लिए जनपद में विशेष अभियान दिवस आयोजित हुआ।
उन्होंने समस्त एसडीएम/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी विशेष अभियान दिवसों 28 व 29 नवंबर का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाए।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत रविवार को जनपद के सभी 4361 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएवी डिग्री कालेज 187 से 191 ,डीएवी इंटर कालेज-192 से 194 ,कंपोजिट विद्यालय कन्या एलवल-184 से 186 का का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बीएलओ को निर्धारित समय तक उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपील किया कि जनपदवासी अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का पंजीकरण जरूरी है।
कोई मतदाता न छूटे! मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं का नाम शामिल कराने पर विशेष जोर दिया गया ।मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6, नाम हटाने/आपत्ति के लिए फार्म-7 एवं विवरण में संशोधन या अन्य आवश्यक परिवर्तन के लिए फार्म-8 बूथ पर उपलब्ध रहा।
नागरिकों की जिज्ञासाओं के समाधान एवं आवश्यक जानकारी तथा सहायता उपलब्ध कराने के लिए जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर-1950 भी सक्रिय है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने विधानसभा क्षेत्र सदर के विभिन्न बूथों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने विशेष अभियान दिवस पर मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।