विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ में 10080 महिलाएं बनाई जाएंगी लखपति दीदी, परिवार की आय बढ़ाने के लिए 650 सीआरपी को मिलेगी ट्रेनिंग

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:10 PM (IST)

आजमगढ़ में 10,080 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लिए अभियान शुरू किया गया है, जिसका लक्ष्य उनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये तक पहुंचाना है।

डॉ. आराधना त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम। फोटो जागरण

डॉ. आराधना त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम। फोटो जागरण

HighLights

  1. 10,080 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित।

  2. स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा रोजगार और प्रशिक्षण।

  3. पहले चरण में 650 सीआरपी को दिया जा रहा प्रशिक्षण।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जिले में समूह की 10,080 महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी योजना के तहत अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार की गतिविधियों से जोड़ने की तैयारी है।

प्रत्येक महिला के परिवार की वार्षिक आय कम से कम एक लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है। महिलाओं को आजीविका के नए साधनों से जोड़ने के साथ कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

केंद्र सरकार ने अगस्त 2023 में लखपति दीदी पहल की शुरुआत की थी। जिसके तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की आय बढ़ाने, कौशल विकसित करने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

महिलाओं की रुचि और स्थानीय जरूरतों के अनुसार आजीविका के साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही तकनीकी जानकारी, व्यवसाय संचालन और उत्पादों के विपणन में भी सहयोग दिया जाएगा।

जिले में लक्ष्य पूरा करने के लिए 1,260 कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन (सीआरपी) की मदद ली जाएगी। प्रत्येक सीआरपी को 80 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से जोड़ा जाएगा। उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम लिमिटेड की ओर से शाहगढ़ में सीआरपी को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पहले चरण में करीब 650 सीआरपी को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। इन्हें डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन (डीआरपी) प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षित सीआरपी समूहों की दूसरी महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने और स्वरोजगार शुरू करने में मदद करेंगी।

प्रशिक्षण से कारोबार बढ़ाने की जानकारी

समूह की 20 से 30 महिला सदस्यों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा। इसमें काम शुरू करने, उसका संचालन करने और आमदनी बढ़ाने के तरीके बताए जाएंगे।सीआरपी के माध्यम से महिलाओं को तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण और कारोबार आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम लिमिटेड की ओर से शाहगढ़ में सीआरपी को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले चरण में करीब 650 सीआरपी को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। -डॉ. आराधना त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।