मंडी सचिव व निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि
आजमगढ़ जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में धान खरीद वर्ष 2019-20 की कार्यशाला व बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि धान खरीद एक नवंबर की जाएगी जिसके लिए किसानों को आनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। खाद्य विभाग के पोर्टल पर किसी भी सुविधा केंद्र या साइबर कैफे से पंजीकरण करा सकते हैं। बैठक में मंडी सचिव एवं निरीक्षक अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने प्रतिकूल प्रविष्टि देने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़: जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में धान खरीद वर्ष 2019-20 की कार्यशाला व बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि धान खरीद एक नवंबर से की जाएगी, जिसके लिए किसानों को आनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। खाद्य विभाग के पोर्टल पर किसी भी सुविधा केंद्र या साइबर कैफे से पंजीकरण करा सकते हैं। बैठक में मंडी सचिव एवं निरीक्षक अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने प्रतिकूल प्रविष्टि देने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष बटाईदार या अनुबंधित किसानों से भी धान क्रय किया जाएगा। लघु एवं सीमांत किसानों का धान बिना सत्यापन के क्रय किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कोई भी किसान जो अधिकतम 100 क्विटल धान विक्रय करना चाहता है, तो उसका सत्यापन मुक्त रहेगा। ऐसे किसान जिनके नाम व खतौनी के नाम मिसमैच हैं और 100 क्विटल से अधिक धान बेचना चाहते हैं, उनका सत्यापन एसडीएम से होना अनिवार्य है। समस्त केंद्र के प्रभारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यदि जमीन महिला के नाम पर है और महिला केंद्र पर आती है तो क्रय केंद्रों पर महिला किसानों को वरीयता दी जाएगी और बिना नंबर के भी उसका धान क्रय किया जा सकता है।
..........
59 केंद्रों पर 28 फरवरी तक खरीद
धान खरीद के लिए खाद्य विभाग के 20, पीसीएफ के 31, यूपी एग्रो के तीन, कर्मचारी कल्याण निगम के तीन, भारतीय खाद्य निगम के दो सहित कुल 59 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। खरीद एक नवंबर से 28 फरवरी तक होगी।
.........
20 रुपया प्रति क्विटल अतिरिक्त भुगतान
शासन द्वारा धान का समर्थन मूल्य कॉमन धान 1815 रुपया एवं ग्रेड-ए 1835 रुपया प्रति क्विटल घोषित किया गया है।। समर्थन मूल्य के अतिरिक्त किसानों को उतराई, छनाई, सफाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विटल की दर से भुगतान समर्थन मूल्य के साथ किया जाएगा।
..........
72 घंटे के अंदर आरटीजीएस से भुगतान
धान क्रय केंद्रों पर लगे बैनर पर टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 अंकित होना चाहिए। क्रय केंद्र राजपत्रित अवकाश एवं रविवारी अवकाश को छोड़कर प्रत्येक दिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक खुले रहेंगे। क्रय किए गए धान के मूल्य का भुगतान पीएफएमएस, आरटीजीएस के माध्यम से 72 घंटे के अंदर किया जाएगा।