आजमगढ़ के दुर्वासा धाम पर तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारी में जुटा प्रशासन
आजमगढ़ के दुर्वासा धाम पर तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें दूर-दराज से व्यापारी पहुंच रहे हैं और दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं पर बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

आजमगढ़ के दुर्वासा धाम पर कार्तिक पूर्णिमा मेले की भव्य तैयारी प्रशासन ने कसी कमर।
HighLights
दुर्वासा धाम पर तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारी तेज।
प्रशासन, पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा, व्यवस्था पर दिए आवश्यक निर्देश।
मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल, यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, फूलपुर (आजमगढ़)। तमसा-मंजूषा के संगम पर स्थित दुर्वासा धाम पर लगने वाले तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा के मेले की तैयारी तेज हो गई हैं। दूर-दराज के व्यापरियों का आगमन हो चुका है। मेला क्षेत्र में झूला सहित तमाम दुकानें लगनी शुरू हो गईं हैं। दुर्वासा धाम पर सोमवार को बटोर और मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे।
क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश कुमार पांडेय और एसडीएम निजामाबाद अयान जैन ने बैठक कर मेले की तैयारी पर मंथन कर चुके हैं। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों से जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक निर्देश भी दिए। मेला समिति में तहसीलदार निजामाबाद, तहसीलदार फूलपुर, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और स्थानीय समितियों के लोग शामिल हैं।
मेले से प्राप्त राजस्व को मंदिर के विकास के लिए अलग खाते में रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त अमीन, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल को तैनात किया जाएगा। डाक्टरों की टीम भी मेले में लगाई जाएगी। दुकानें सड़क से एक मीटर की दूरी पर लगाई जाएंगी। अधिकारियों ने मेला के दौरान आने वाली छोटी-बड़ी समस्याओं की जानकारी ली और क्षेत्रीय लोगों से सुझाव मांगे।
क्षेत्रवासियों ने शांति पूर्वक मेला सम्पन्न कराने के लिए पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फूलपुर देवेंन्द्र प्रताप सिंह ने मेला क्षेत्र में भारी वाहनों को दो किलोमीटर पहले रोक दिया जाएगा। छोटे वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था मेले से बाहर कराई जाएगी। सभी आने वाले मार्गों पर पुलिस का सख्त पहरा रखा जाएगा। पीएसी व महिला पुलिस सहित भारी सख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा साथ ही मेला क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी बनाई गई है।