आजमगढ़ में फार्मासिस्ट पर इमरजेंसी ड्यूटी में शराब पीने का आरोप, मरीज ने बनाया वीडियो
आजमगढ़ के लाटघाट सीएचसी में छठ पर्व के दिन इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट पर शराब के नशे में होने ...और पढ़ें

आजमगढ़: इमरजेंसी ड्यूटी पर फार्मासिस्ट नशे में, मरीज ने बनाया वीडियो।
HighLights
लाटघाट सीएचसी में फार्मासिस्ट पर नशे का आरोप।
मरीज ने इमरजेंसी ड्यूटी पर वीडियो बनाया।
सीएमओ ने मेडिकल जांच के दिए निर्देश।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच छठ पर्व के दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाटघाट में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट पर शराब के नशे में होने का आरोप लगा है। रविवार शाम करीब पांच बजे उपचार कराने पहुंचे एक मरीज ने फार्मासिस्ट का वीडियो बना लिया।
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित फार्मासिस्ट का मेडिकल परीक्षण कराने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम एक मरीज इंजेक्शन लगवाने के लिए सीएचसी लाटघाट पहुंचा था। वहां इमरजेंसी ड्यूटी पर फार्मासिस्ट राजकुमार पांडेय तैनात थे।
मरीज को उनके व्यवहार और हाव-भाव से नशे में होने का संदेह हुआ तो उसने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान मरीज ने जब फार्मासिस्ट से नशे में होने के संबंध में सवाल किया तो आरोप है कि उन्होंने जवाब दिया कि पिछले तीन दिनों से लगातार ड्यूटी कर रहे हैं, इसलिए थोड़ी शराब पी ली है।
मरीज ने इसकी जानकारी मौके पर तैनात चिकित्सक डा. एएन राय को दी। चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। उन्हें भी फार्मासिस्ट के नशे में होने का आभास हुआ। इसके बाद मामले की जानकारी सीएचसी अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दी गई।
सीएचसी अधीक्षक डा. ओपी पाठक ने बताया कि संबंधित फार्मासिस्ट का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। ड्यूटी के दौरान किसी भी कर्मचारी को शराब पीकर आने की छूट नहीं है। ऐसा करना गंभीर अपराध है।
संबंधित फार्मासिस्ट का मेडिकल कराने के लिए अधीक्षक को निर्देश दिया गया है। जांच में पुष्टि होने पर की जाएगी विभागीय कार्रवाई।
डा.ननकूराम वर्मा, सीएमओ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।