आजमगढ़ में 12 हजार 52 पात्रों को मिलेगा पीएम आवास का लाभ, तीन हजार आठ आवेदन स्वीकृत
आजमगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 12,052 पात्र लाभार्थियों को पहले चरण में आवास का लाभ मिलेगा। लाभार्थियों को 1.20 लाख रुपये की राशि तीन किस्तों में सीधे उनके खाते में भेजी जाएगी, जिसमें पहली किस्त जल्द ही जारी होगी।

एक लाख 12 हजार पात्र लाभार्थियों का कराया गया है सर्वे, प्रथम चरण में 12 हजार 52 पात्र होंगे लाभान्वित।
HighLights
आजमगढ़ में 12,052 पात्रों को मिलेगा पीएम आवास का लाभ।
लाभार्थियों को 1.20 लाख रुपये तीन किस्तों में मिलेंगे।
2016 से अब तक 1.09 लाख से अधिक आवास बने।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केंद्र सरकार ने जिले का लक्ष्य आवंटित कर दिया है। इसके तहत प्रथम चरण में 12 हजार 52 पात्र लाभार्थियों को पीएम आवास का लाभ मिलेगा।
पीएम आवास के लिए सेल्फ सर्वे के साथ ही सरकारी कर्मचारियों द्वारा किए गए सर्वे और उसके बाद जिला स्तरीय कमेटी द्वारा सत्यापन करने के बाद एक लाख 12 हजार पात्र लाभार्थियों की सूची ग्राम्य विकास विभाग ने तैयार कर शासन को भेजी थी।
पूर्व में कराए गए सर्वे के दौरान करीब एक लाख 62 हजार लोगों ने पीएम आवास के लिए आवेदन किया था, इसमें पचास हजार लोगों का नाम जिला स्तरीय कमेटी द्वारा किए गए सत्यापन के बाद कट गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों में जिनके आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं, उनके खाते में पहली किस्त इस सप्ताह के अंत तक चली जीएगी। इसका उपभोग प्रमाण पत्र लाभार्थियों द्वारा देने के बाद दूसरी किस्त ग्राम्य विकास विभाग लाभार्थियों के खाते में भेजी जाएगी।
इसमें पहली किस्त के रूप में 40 हजार और दूसरी किस्त के रूप में 70 हजार रुपये लाभार्थियों के खाते में जाएगी। दूसरी किस्त का उपभोग प्रमाण पत्र देने के बाद तीसरी किस्त दस हजार रुपये लाभार्थियों के खाते में भेजी जाएगी।
वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक एक लाख नौ हजार 240 लाभार्थियों को पीएम आवास का लाभ मिला है, इसमें 99.42 प्रतिशत मकान पूरी तरह बन गए हैं और लाभार्थी उसमें रह रहे हैं।
पीएम आवास के पात्र लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ होता है, कहीं कोई शिकायत नहीं मिले, इसके लिए जिला स्तरीय टीम से सत्यापन कराया गया है। 2026-27 की जो सूची बनी है, वह पांच वर्ष के लिए है। केंद्र सरकार से हर वर्ष आवास आवंटन का लक्ष्य मिलने के बाद पात्रों के खाते में तीन किस्त में एक लाख बीस हजार रुपये भेज दिए जाएंगे। लक्ष्य के सापेक्ष तीन हजार आठ आवेदन स्वीकृत हुए हैं। जो आवेदन स्वीकृत नहीं हुए हैं, उनके स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है।
सच्चिदानंद प्रसाद, परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास विभाग