विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ में म्यूजिक सिस्टम बजाने और पुलिस से विवाद में भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 10 नामजद

By Saurabh Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 30 Oct 2026 07:21 PM (IST)

आजमगढ़ के माहुल में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज म्यूजिक और पुलिस से विवाद के मामले में भाजपा पिछड़ा ...और पढ़ें

आजमगढ़: दुर्गा विसर्जन में तेज म्यूजिक, पुलिस से विवाद; भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 10 पर केस।

आजमगढ़: दुर्गा विसर्जन में तेज म्यूजिक, पुलिस से विवाद; भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 10 पर केस।

HighLights

  1. आजमगढ़ में भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 10 पर मुकदमा दर्ज।

  2. दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में तेज म्यूजिक, पुलिस से विवाद।

  3. ध्वनि प्रदूषण, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, माहुल (आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजाने और पुलिस से विवाद के मामले में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के लालगंज जिलाध्यक्ष सुजीत जायसवाल उर्फ आशु समेत 10 नामजद और 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात उपनिरीक्षक यश सिंह पटेल पुलिस टीम के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए माहुल कस्बे में तैनात थे। इसी दौरान कुछ आयोजकों की ओर से म्यूजिक सिस्टम प्रतियोगिता के नाम पर तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था।

पुलिस का आरोप है कि तेज ध्वनि से बुजुर्गों, बच्चों, बीमार लोगों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी। इससे कस्बे में विरोध और असंतोष की स्थिति भी उत्पन्न हो रही थी। आरोप है कि रात करीब 11:20 बजे आयोजकों ने पुलिसकर्मियों से भी विवाद किया।

इस मामले में पुलिस ने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के लालगंज जिलाध्यक्ष सुजीत जायसवाल उर्फ आशु, अमरजीत निषाद, संजोग सोनकर, अजय बिंद और आनंद अग्रहरि के अलावा म्यूजिक सिस्टम संचालक मूलचंद यादव, अजय, विजय, सागर और धर्मेंद्र को नामजद किया है। वहीं, 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

अपनी कमियां छिपाने के लिए मेरे खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा : मुकदमा दर्ज होने पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के लालगंज जिलाध्यक्ष सुजीत जायसवाल उर्फ आशु ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अहरौला थानाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा ने अपनी कमियां छिपाने के लिए उनके और समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

आरोप लगाया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस ने आयोजकों और म्यूजिक सिस्टम संचालकों पर लाठियां चलाई थीं। उन्होंने कहा कि माहुल में 55 वर्षों से अधिक समय से दुर्गा पूजा, ऐतिहासिक मेला और विसर्जन की परंपरा चली आ रही है। वह पूजा समितियों के अध्यक्ष हैं, लेकिन पुलिस ने कभी उनसे या अन्य समिति अध्यक्षों से आयोजन के संबंध में बात नहीं की। उन्होंने एसएसपी डा. अनिल कुमार से थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।