राज्य स्तरीय थांग-ता प्रतियोगिता में विंध्याचल मंडल ने जीता ओवरऑल चैंपियन का खिताब, 12 गोल्ड आए
विंध्याचल मंडल ने अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय थांग-ता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में 12 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

अयोध्या के लक्ष्मण ने जीता स्वर्ण, मेरठ दूसरे व वाराणसी रहा तीसरे स्थान पर।
HighLights
विंध्याचल मंडल ने 12 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप जीती।
मेरठ मंडल दूसरे और वाराणसी मंडल तीसरे स्थान पर रहा।
अयोध्या के लक्ष्मण और रितेश ने भी स्वर्ण पदक हासिल किए।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। आदर्श इंटर कॉलेज के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में आयोजित राज्य स्तरीय थांगता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में विंध्याचल मंडल के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 12 स्वर्ण पदक अपने नाम कर ओवरआल चैंपियन के खिताब पर कब्जा किया। दूसरे स्थान पर मेरठ मंडल 10 स्वर्ण पदक के साथ रहा।
आठ स्वर्ण पदक लेकर वाराणसी मंडल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता के समापन पर भाजपा अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू व क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। बालिकाओं में विंध्याचल मंडल छह स्वर्ण पदक के साथ पहले स्थान पर रही। मेरठ मंडल पांच स्वर्ण पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा तथा वाराणसी मंडल पांच स्वर्ण पदक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
बालक वर्ग में विंध्याचल मंडल के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मेरठ मंडल ने चार स्वर्ण पदक लेकर दूसरे तथा तीन स्वर्ण पदक के साथ वाराणसी मंडल तीसरे स्थान पर रहा। अयोध्या मंडल दो स्वर्ण पदक को चौथा स्थान प्राप्त हुआ। 19 वर्ष आयु वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में अयोध्या के लक्ष्मण को स्वर्ण, वाराणसी के रंजीत कुमार को रजत तथा अमित यादव को कांस्य पदक मिला।
60 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में वर्ग में अयोध्या के रितेश ने स्वर्ण, विंध्याचल के विकास विकास ने रजत पदक प्राप्त किया। 65 किलोग्राम भार वर्ग में प्रशांत कुमार विंध्याचल को स्वर्ण, नीरज यादव वाराणसी को रजत तथा सिवान मेरठ को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। 70 किलोग्राम भार वर्ग में विंध्याचल के सागर ने स्वर्ण, वाराणसी के कमलेश ने रजत तथा बस्ती के रोहित ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
75 किलोग्राम भार वर्ग में डेविड मेरठ को स्वर्ण, अभय कुमार विंध्याचल को रजत पदक प्राप्त हुआ। 80 किलोग्राम भार वर्ग में विंध्याचल के मनीष ने स्वर्ण, मेरठ के कृष्ण दयाल ने रजत तथा वाराणसी के आज्ञा यादव ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
