यूपी के कारीगरों को 10 लाख देगी सरकार, ट्रेनिंग के दौरान भी मिलेंगी 500 रुपये; अयोध्या में पांच हजार को मिला लाभ
अयोध्या में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से पिछले पांच वर्षों में पांच हजार कारीगर लाभान्वित हुए हैं। अब योजना के ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ। फाइल फोटो
HighLights
पांच हजार कारीगरों को अयोध्या में योजना का लाभ मिला।
कारीगरों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण और टूलकिट मिलेगी।
स्वरोजगार हेतु 10 लाख रुपये तक का बिना गारंटी ऋण।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी में पारंपरिक हुनर को रोजगार से जोड़ने की मुहिम को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से गति मिल रही है। पिछले पांच वर्षों में जिले के पांच हजार कारीगर योजना से लाभांवित हो चुके हैं। अब योजना के दूसरे चरण में कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट के साथ स्वरोजगार के लिए 10 लाख रुपये तक बिना गारंटी ऋण का लाभ मिलेगा।
जिला उपायुक्त उद्योग प्रभात रंजन शुक्ला ने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत चयनित लाभार्थियों को 10 दिवसीय निश्शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण काल में प्रतिदिन 500 रुपये की दर से कुल पांच हजार रुपये मानदेय डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजा जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 15 हजार रुपये मूल्य तक की आधुनिक टूलकिट निश्शुल्क मिलेगी। कौशल प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
योजना में बढ़ई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, नाई, राजमिस्त्री, सुनार, टोकरी बुनकर, हलवाई, मोची, धोबी, मूर्तिकार, मालाकार, दूधवाला, भरभूजा और मछुआरा समेत 25 ट्रेड शामिल हैं। मोबाइल, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक व विद्युत उपकरण मरम्मत, प्लंबर, कंप्यूटर मरम्मत, सोलर इंस्टालेशन, डिजिटल फोटोग्राफी और ब्यूटीशियन जैसे आधुनिक ट्रेड भी इसमें शामिल हैं।
10 लाख तक बिना गारंटी ऋण
कारीगरों को स्वरोजगार शुरू करने या कारोबार बढ़ाने के लिए 10 लाख रुपये तक ऋण की सुविधा मिलेगी। सामान्य वर्ग के पुरुषों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत और महिलाओं, ओबीसी, एससी, एसटी, दिव्यांग तथा भूतपूर्व सैनिकों को पांच प्रतिशत मार्जिन मनी देना होगा। शेष राशि पर 15 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी का प्रविधान है।
सीजीटीएमएसई के तहत ऋण बिना गारंटी दिया जाएगा। नियमित भुगतान करने पर पांच वर्ष तक ब्याज में राहत मिलेगी। छह माह की मोरेटोरियम अवधि के बाद 54 किस्तों में ऋण चुकाने की सुविधा होगी।
उपायुक्त ने बताया कि पात्र कारीगर विभाग की वेबसाइट msme.up.gov.in पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संबंधित ट्रेड से जुड़े होने का प्रमाण और अन्य निर्धारित पात्रताएं पूरी करना अनिवार्य है।
इतने कारीगरों को मिल चुका योजना का लाभ
- वर्ष 2020-21 में 525
- 2021-22 में 1,225
- 2022-23 में 1,100
- 2023-24 में 1,000
- 2024-25 में 1,150
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के बुजुर्गों को अब हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये, वृद्धावस्था पेंशन के नए नियम की क्या है पात्रता?
