अक्षय नवमी पर अयोध्या में चौदहकोसी परिक्रमा से पहले रामकोट में लगा भक्तों का तांता
चौदहकोसी परिक्रमा से पहले अयोध्या में हजारों रामभक्तों ने भोर में रामकोट की परिक्रमा की, जिसमें राम मंदिर सहित कई प्रमुख स्थल शामिल हैं।

रामकोट की परिक्रमा करने उमड़े श्रद्धालु। तस्वीर- जागरण
जागरण संवाददाता, अयोध्या। अयोध्याधाम की चौदह कोस परिधि की परिक्रमा से पहले मंगलवार की भोर में बड़ी संख्या में रामभक्तों ने रामकोट की परिक्रमा की। ऐसा पहली बार हुआ कि चौदहकोसी परिक्रमा में सम्मिलित होने दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने रामकोट क्षेत्र का भ्रमण किया। लगभग साढ़े तीन किमी. लंबे इसी रामकोट क्षेत्र में ही राम मंदिर सहित संपूर्ण रामजन्मभूमि परिसर, कनक भवन, हनुमानगढ़ी, दशरथ महल सहित अन्य कई प्रमुख मंदिर पड़ते हैं। मान्यता है कि केवल रामकोट की परिक्रमा पूर्ण कर लेने से भक्तों की सभी मंदिरों की एक परिक्रमा पूरी हो जाती है।
रामकोट परिक्रमा रामनगरी की अति प्राचीन परिक्रमा है। इसे चित्रकूट की कामदगिरि परिक्रमा की भांति नियमित करने के लिए पिछले साल काफी प्रयास हुआ था। पहले यह केवल नवसंवत्सर की पूर्ण संध्या पर ही होती थी। गत वर्ष 21 अगस्त से शुरू हुई यह रामकोट समवेत परिक्रमा अब नित्य होने लगी है। हालांकि, अज्ञानतावश उतने श्रद्धालु अभी इसमें नहीं सम्मिलित होते हैं, जितने दिनभर अयोध्या में पहुंचते हैं या राम मंदिर में दर्शन कर लेते हैं।
मंगलवार की देररात्रि अक्षय नवमी मुहूर्त में ही 14 कोसी परिक्रमा शुरू हो रही है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस परिक्रमा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में रामभक्त मंगलवार को ही पहुंच गए हैं। इसी कारण मंगलवार को भोर में लगभग ढाई से तीन हजार श्रद्धालुओं ने रामकोट की परिक्रमा की। इनका नेतृत्व हनुमानगढ़ी के प्रधान पुजारी रमेशदास व राम मंदिर ट्रस्ट के कई कर्मी कर रहे थे।
पुजारी रमेशदास हाथ में चांदी की गदा लिए थे, तो कई ट्रस्ट कर्मी ध्वज थामे थे और घंटा-घड़ियाल बजाते हुए चल रहे थे। रामजन्मभूमि पथ से ही रामकोट की परिक्रमा प्रारंभ होती है। पुजारी रमेशदास ने बताया कि मंगलवार को भक्तों की संख्या प्रतिदिन से काफी अधिक रही।