राम मंदिर ट्रस्ट ने दूर किया भ्रम, जितेंद्र मिश्र ने दिया था CEO पद का इंटरव्यू
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सीईओ पद के लिए एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र के साक्षात्कार को लेकर फैले ...और पढ़ें

HighLights
ट्रस्ट ने जितेंद्र मिश्र के सीईओ इंटरव्यू पर भ्रम दूर किया।
एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र ने 11 अगस्त को साक्षात्कार दिया था।
सीईओ चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और दस्तावेजीकृत की गई।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन को लेकर सोमवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित खबरों को लेकर स्थिति स्पष्ट की। ट्रस्ट ने कहा कि एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र ने 11 अगस्त को सीईओ पद के लिए साक्षात्कार दिया था। उनके साक्षात्कार में शामिल नहीं होने संबंधी खबर तथ्यात्मक रूप से गलत है।
ट्रस्ट की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सीईओ चयन के लिए छह जुलाई को खोज समिति गठित की गई थी। समिति को देशभर से 5585 आवेदन मिले। दिल्ली-एनसीआर, पुणे और संभलपुर में एआई स्क्रीनिंग के साथ विशेषज्ञों ने आवेदनों का मैनुअल मूल्यांकन भी किया। बहुस्तरीय प्रक्रिया के बाद 16 अभ्यर्थियों को अंतिम सूची में रखा गया।
इनके साक्षात्कार 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में हुए थे। सोमवार को दिनभर जितेंद्र मिश्र के साक्षात्कार में शामिल न होने की खबरें प्रसारित होती रहीं। देर रात ट्रस्ट के महासचिव ने विज्ञप्ति जारी कर इसे स्पष्ट किया। ट्रस्ट के मुताबिक, जितेंद्र मिश्र ने 11 अगस्त की पहली पाली में साक्षात्कार दिया था।
खोज समिति ने एक सितंबर को अपनी अंतिम रिपोर्ट और सिफारिशें ट्रस्ट को सौंप दी थीं। इसके बाद दो सितंबर को शीर्ष तीन अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक किए गए। इनमें जितेंद्र मिश्र के अलावा संजय प्रतापसिंह विश्वास राव और श्रुति भारद्वाज शामिल हैं।
महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने कहा कि सीईओ चयन की पूरी प्रक्रिया संस्थागत शासन और पारदर्शिता के मानकों के अनुरूप अपनाई गई है। चयन के प्रत्येक चरण का दस्तावेजीकरण किया गया है। ट्रस्ट ने कहा कि प्रक्रिया से जुड़े तथ्य किसी भी जांच के लिए उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
