विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार्यभार संभालते ही एक्शन में दिखे राम मंदिर के CEO जितेंद्र मिश्र, पहले दिन ही दिए सख्त निर्देश

Published: Mon, 21 Sep 2026 07:58 PM (IST)

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने राम मंदिर में कार्यभार संभाला।

राम मंदिर परिसर में पहुंचने पर नए सीईओ जितेंद्र मिश्र।

राम मंदिर परिसर में पहुंचने पर नए सीईओ जितेंद्र मिश्र।

HighLights

  1. सीईओ जितेंद्र मिश्र ने राम मंदिर में विधिवत कामकाज संभाला।

  2. लापरवाही न बरतने, पारदर्शिता से कार्य करने के सख्त निर्देश दिए।

  3. दर्शनार्थियों के लिए हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र ने सोमवार से राम मंदिर में विधिवत कामकाज शुरू कर दिया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन से संबंधित सभी शाखाओं के प्रभारियों को अपने कार्यालय बुला कर उनकी कार्यप्रणाली समझी और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने पहले ही दिन सख्त निर्देश देकर कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर कार्य को पारदर्शिता के साथ व्यवस्थित ढंग से करें।

सीईओ ने कहा कि किसी को कोई समस्या आ रही हो तो वह उनसे या महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि को उससे अवगत करायें। मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों के लिए हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराएं। यथासंभव उनकी सहायता करें और अपना व्यवहार विनम्र रखें।

दो सितंबर को नियुक्ति के बाद सीईओ जितेंद्र मिश्र ने तीन व चार सितंबर को यहां पहुंच कर ट्रस्ट महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि सहित अन्य पदाधिकारियों से भेंट की थी। इसी के साथ उन्होंने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका के साथ रामघाट स्थित लेखा कार्यालय पहुंच कर कर्मियों से परिचय प्राप्त कर कार्यप्रणाली को समझा था।

इसके बाद वह दूसरी बार फिर आठ सितंबर को रामनगरी पहुंचे थे और नौ सितंबर को महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि, सचिव जगदीश आफले व कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका के साथ बैठक कर मंदिर प्रबंधन से जुड़ी समस्त जानकारी ली थी।

नौ सितंबर को सीईओ ने यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) में सभी शाखाओं के कर्मचारियों के साथ परिचय बैठक करके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से दिए गए निर्देशों से अवगत कराया था।

लगभग 11 दिनों के अंतराल पर वह रविवार शाम तीसरी बार फिर अयोध्या पहुंचे। सोमवार की सुबह सीईओ के तीर्थ क्षेत्र भवन पहुंचने पर ट्रस्टी मदनमोहन पांडेय, सचिव जगदीश आफले व चार्टर्ड अकाउंटेंट चंदन राय ने उनका औपचारिक स्वागत किया। कुछ देर विभिन्न विषयों पर विमर्श के उपरांत उन्होंने राम मंदिर पहुंच रामलला का दर्शन किया।

इसके बाद पीएफसी में स्थित कार्यालय में बैठ कर कामकाज शुरू किया। ट्रस्ट ने उनका कार्यालय यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) में बनाया है। इसी परिसर में दानराशि की गणना करने के लिए गणना कक्ष भी स्थित है। सीईओ के कार्यालय को बाद में अन्य भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।

आवास की व्यवस्था ट्रस्ट ने तीर्थ क्षेत्र भवन में की है। यह भवन रामजन्मभूमि परिसर से 100 मीटर दूर ही स्थित है। सीईओ जितेंद्र मिश्र अब नियमित रूप से मंदिर परिसर में ही उपस्थित रह कर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। पहले दिन उन्होंने सभी प्रभारियों से कार्य व दायित्वों की जानकारी ली है।

यह भी पढ़ें- अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावा चोरी के तीन आरोपितों की जमानत खारिज, फिलहाल जेल ही ठिकाना