'प्रदेश के सभी विद्यालयों में वैदिक गणित पढ़ाने का करेंगे आग्रह', अयोध्या में बोले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अयोध्या में कहा कि सरकार बनने पर वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रदेश के सभी ...और पढ़ें

HighLights
राजनाथ सिंह ने वैदिक गणित पढ़ाने का आग्रह करने की बात कही।
उन्होंने अयोध्या को चेतना, संस्कृति और सभ्यता का केंद्र बताया।
रक्षा मंत्री ने रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन-पूजन किए।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि फिर से प्रदेश में सरकार बनने पर वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रदेश के सभी विद्यालयों में वैदिक गणित पढ़ाने का आग्रह करेंगे। योगी सरकार के संरक्षण में शासन और सनातन व्यवस्था दोनों उत्कर्ष को प्राप्त कर रही हैं। रक्षामंत्री उदासीन ऋषि आश्रम-रानोपाली में श्रीनारायण संस्कृत महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का अवलोकन करने के बाद आयोजित विराट संत सम्मेलन व गुरु पर्व के समापन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने अयोध्या को केवल भौगोलिक स्थान नहीं, बल्कि चेतना, संस्कृति और सभ्यता का केंद्र बताया। कहा कि भगवान श्रीराम ने अयोध्या की धरती को पवित्र किया और यहां से धर्म, न्याय और मर्यादा का संदेश पूरी दुनिया में पहुंचा। आचार संहिता के कारण वह भवन का उद्घाटन नहीं कर सके। श्रीराम मंदिर आंदोलन में संतों के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संतों ने जेल की यातनाएं सहीं और बलिदान दिए, इसलिए उनके त्याग को हमेशा याद किया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने संस्कृत को देव भाषा और आध्यात्म की भाषा बताते हुए वैदिक गणित की विशेषता बताई और कहा कि लंदन स्कूल आफ इकोनामिक्स में भी वैदिक गणित पढ़ाई जाती है। रक्षामंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी सभ्यता की रीढ़ होती है। जब शिक्षा का माध्यम देव भाषा संस्कृत हो, तो इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। संस्कृत को मात्र भाषा नहीं समझना चाहिए, उसके पास ज्ञान का विशाल भंडार है।
इससे पूर्व उदासीन ऋषि आश्रम के पीठाधिपति महंत डॉ.भरतदास ने सरकार भारतीय ज्ञान की धरोहर बचाने का संस्कृत को रक्षित करने का आह्वान किया। जगद्गुरु रामानुजाचार्य डॉ. राघवाचार्य ने कहा, संस्कृत व संस्कृति की रक्षा भारत की रक्षा है।
रामलला के दरबार पहुंचे रक्षा मंत्री, किया दर्शन-पूजन राजनाथ सिंह एयरपोर्ट से सीधे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन किए। मंदिर परिसर में ट्रस्ट के सीईओ सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने रक्षा मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की जानकारी भी ली। वह हनुमानगढ़ी पहुंच कर बजरंगबली के समक्ष भी नतमस्तक हुए।
