अयोध्या राम मंदिर की सुरक्षा परखने पहुंची NSG की टीम, 12 से अधिक अधिकारियों ने बंद कमरे में किया मंथन
नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) की टीम ने अयोध्या राम मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की।

राम मंदिर की सुरक्षा परखने पहुंची NSG की टीम।
HighLights
एनएसजी टीम ने राम मंदिर परिसर की सुरक्षा का जायजा लिया।
सुरक्षा अधिकारियों के साथ बंद कमरे में महत्वपूर्ण बैठक हुई।
अयोध्या में एनएसजी क्षेत्रीय हब स्थापित करने की तैयारी जारी।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों के तहत शनिवार सुबह नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) की टीम रामजन्मभूमि परिसर पहुंची। टीम में 12 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे, जिन्होंने गेट नंबर 11 के रास्ते मंदिर परिसर में प्रवेश किया।
टीम ने राम मंदिर और उसके आसपास के 70 एकड़ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ एक घंटे तक बंद कमरे में बैठक हुई।
बैठक में मंदिर परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, संभावित चुनौतियों और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया पर चर्चा की गई। एनएसजी ने सुरक्षा अधिकारियों के समक्ष प्रेजेंटेशन भी दिया।
हालांकि, सुरक्षा कारणों से बैठक में हुई चर्चा को सार्वजनिक नहीं किया गया। एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र ने एनएसजी के दौरे को रूटीन विजिट बताया। राम मंदिर की सुरक्षा को लेकर एनएसजी की सक्रियता बढ़ी है, जब अयोध्या में उसका क्षेत्रीय हब स्थापित करने की तैयारी चल रही है।
मिल्कीपुर तहसील के पूरे लालखां गांव में 26 हेक्टेयर बंजर भूमि एनएसजी क्षेत्रीय केंद्र के लिए आवंटित की जाएगी, जो राम मंदिर से 70 किलोमीटर दूर है। प्रदेश सरकार ने 15 सितंबर को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। क्षेत्रीय हब बनने से एनएसजी की प्रतिक्रिया क्षमता में वृद्धि की उम्मीद है।
