जनकपुर से अयोध्या पहुंचे तिलकहरू, आज कारसेवक पुरम में चढ़ेगा श्रीराम का तिलक
राम-जानकी विवाहोत्सव की परंपरा निभाने जनकपुर से 51 सदस्यीय तिलकहरू दल अयोध्या पहुंचा, जिसका भव्य स्वागत किया गया। यह दल रामलला को तिलक लगाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाहोत्सव की रस्में निभाएगा, जो भारत-नेपाल के आध्यात्मिक संबंधों को प्रगाढ़ करता है।
-1795926098851_m.webp)
HighLights
जनकपुर से 51 सदस्यीय तिलकहरू दल अयोध्या पहुंचा।
रामलला को तिलक लगाकर विवाहोत्सव की रस्में निभाएगा।
भारत-नेपाल के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम-जानकी विवाहोत्सव की परंपरा निभाने जनकपुर से 51 सदस्यीय तिलकहरू दल रविवार को रामनगरी पहुंचा। नेपाल के मधेश प्रदेश के सभामुख रामाशीष यादव के नेतृत्व में आए दल का भाजपाइयों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। दल में जनकपुर के मेयर मनोज शाह और जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव भी शामिल हैं। जनकपुर से आए तिलकहरू रामलला को तिलक लगाकर विवाहोत्सव का भार (नेग) अर्पित करेंगे।
राम-जानकी विवाह की परंपरा के अनुरूप जनकपुर से रामलला के लिए सोने-चांदी के आभूषण, फल, मेवा, मिठाई और वस्त्र सहित विविध उपहार लाए गए हैं। तिलक की रस्म पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न होगी। इस आयोजन में जनकपुर की ओर से वर पक्ष के रूप में रामलला को तिलक चढ़ाकर विवाहोत्सव की रस्मों का निर्वहन किया जाएगा।
तिलकहरू दल में 10 महिलाएं भी शामिल हैं, जो माता सीता की सखियों के रूप में विवाहोत्सव की रस्में निभाएंगी। जनकपुर से आए इस दल की सहभागिता राम-जानकी विवाह से जुड़ी सदियों पुरानी परंपरा को जीवंत करती है। तिलक चढ़ाने के बाद दल के सभी सदस्य राम मंदिर पहुंचकर अपने पाहुन रामलला का दर्शन करेंगे।
अयोध्या और जनकपुर के बीच राम-जानकी विवाह से जुड़ी परंपरा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि दोनों नगरों के बीच आत्मीयता, पारिवारिक संबंधों और सांस्कृतिक साझेदारी का प्रतीक है। हर वर्ष तिलकहरू दल का आगमन इन रिश्तों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ भारत-नेपाल के आध्यात्मिक संबंधों को भी प्रगाढ़ करता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।