यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ram Mandir: गाजियाबाद में निर्मित हो रही मंदिर के कपाटों के लिए गोल्डेन शीट, चार कपाट होंगे स्वर्ण मंडित
Ram Mandir राजा राम की नगरी अयोध्या में 500 वर्षों के इंतजार के बाद 22 जनवरी को रामलला अपने विग्रह ...और पढ़ें

प्रवीण तिवारी, अयोध्या। 22 जनवरी को रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इस उत्सव की तैयारी के समानांतर राम मंदिर के भूतल को भव्य बनाने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। इस तल पर लगने वाले कपाटों को स्वर्ण मंडित करने के लिए सोने की परत निर्मित की जा रही है।
इसे तांबे की शीट पर जड़ा जा रहा है। चार कपाटों पर लगने वाली गोल्डेन शीट बन भी गई है। यह कार्य गाजियाबाद में चल रहा है। भूतल पर लगने वाले 18 में से चार कपाटों को इन्हीं शीटों से स्वर्ण मंडित किया जाएगा। कपाटों पर सोना जड़ने वाले कारीगर गत माह यहां आए थे।
कपाटों को मंदिर में लगा कर कई बार परखा। इन पर सोना लगाने के लिए मोल्डिंग बनाई गई। सोना तांबे की शीट जड़ा जाएगा, जिसे बाद में कपाटों पर मंडित किया जाएगा। इस तरह प्रत्येक कपाट के लिए भिन्न-भिन्न गोल्डेन शीट बनाई जा रही है, जिसे अयोध्या लाकर ही कपाटों पर जड़ा जाएगा।
एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर वीके मेहता ने बताया कि इसी माह में भूतल पर लगने वाले कपाटों को स्वर्ण मंडित कर मंदिर में लगा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह में ही कार्य को पूर्ण हो जाएगा। मंदिर के तीन तलों पर कुल 44 कपाट लगाये जाएंगे।