विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में दीपोत्सव: 96 हजार लीटर तेल व 64 लाख बाती से दसवें संस्करण में जलाए जाएंगे 30 लाख दीप

Published: Sun, 04 Oct 2026 05:56 PM (IST)

10th Edition of Ayodhya Deepotsav: श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी व नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है।

दीपोत्सव के 10वें संस्करण की तैयारियां तेज

दीपोत्सव के 10वें संस्करण की तैयारियां तेज 

HighLights

  1. श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद से जारी पांच टेंडर खुले, सोमवार से मूल्यांकन

  2. 30 हजार वालंटियर के भोजन से लेकर मंदिरों की एलईडी सजावट तक की व्यवस्था

प्रहलाद तिवारी, अयोध्या : अद्भुत, अलौकिक व अविस्मरणीय जैसी तमाम उपमाएं अर्जित कर चुके रामनगरी में अब दीपोत्सव के 10वें संस्करण की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। इस बार दीपोत्सव का पैमाना और बड़ा होगा।

अयोध्या में सिर्फ दीयों की संख्या ही नहीं, बल्कि रोशनी का दायरा भी बढ़ेगा। दीपोत्सव में 96 हजार लीटर तेल व 64 लाख बाती से 30 लाख दीप प्रज्वलित होंगे। टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद ने टेंडर जारी किए थे, जो अब खुल गए हैं और उनका उनका तकनीकी व वित्तीय मूल्यांकन सोमवार से होगा। पांच महत्वपूर्ण टेंडर किए गए हैं। इसके बाद कार्यदायी संस्थाओं को वर्क आर्डर जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम स्थल राम की पैड़ी और प्रमुख कार्यक्रम स्थलों पर टेंटेज और सजावट के साथ तेल और दीयों की व्यवस्था का टेंडर, दीप प्रज्वलन में इस्तेमाल होने वाली टी-शर्ट, मोमबत्ती, कपूर, बाती समेत अन्य सामग्री की व्यवस्था भी शामिल है। करीब 30 हजार छात्रों के खान-पान की व्यवस्था का भी टेंडर किया गया है। प्रमुख मंदिरों की एलईडी लाइट से भव्य सजावट के लिए भी टेंडर किया गया है।

श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी व नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। दीपोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर महापौर और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक और मंडलायुक्त व जिलाधिकारी स्तर पर भी अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई है। नगर निगम और परिषद को सफाई, लाइटिंग, सौंदर्यीकरण समेत अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

झलकेगी अवध की सांस्कृतिक विरासत की झलक

दीपोत्सव में आध्यात्मिकता के साथ सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखेगी। राम की पैड़ी परिसर में घाटों पर नई सीढ़ियों का निर्माण हो रहा है। लक्ष्मण घाट से चौधरी चरण सिंह घाट, दो किलोमीटर तक विस्तार देने की तैयारी है। करीब 30 लाख मिट्टी के दीयों से नया विश्व रिकार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सरयू की महाआरती को भी भव्य स्वरूप देने की तैयारी है। पुराने पुल से लक्ष्मण घाट तक करीब एक किलोमीटर घाट क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएगा। लाखों दीयों की रोशनी के बीच प्रमुख मंदिरों की एलईडी सजावट दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएगी।

एक नजर में दीपोत्सव की तैयारियां

तेल - 96 हजार लीटर
बाती - 64 लाख
मिट्टी के दीयों का लक्ष्य - 28 लाख
कुल टेंडर - पांच
वालंटियर - 30 हजार
विस्तार - करीब दो किमी तक
मुख्य आयोजन - पांच से सात नवंबर तक।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर के सभी कर्मचारियों का होगा पुलिस वेरिफिकेशन, परिवार और रिश्तेदारों की भी ली जाएगी डिटेल

यह भी पढ़ें- अयोध्या में आस्था और विकास का संगम, दीपोत्सव से पहले बदलेगा 14 कोसी परिक्रमा मार्ग का स्वरूप