सीएम योगी ने अयोध्या पहुंचकर परखी दीपोत्सव की तैयारियां, राम की पैड़ी और सरयू आरती घाट का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू ...और पढ़ें

अयोध्या पहुंचकर मुख्यमंत्री ने परखीं दीपोत्सव की तैयारियां।
HighLights
दीपोत्सव तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुंचे सीएम योगी।
राम की पैड़ी, सरयू घाट का किया गहन निरीक्षण।
अधिकारियों को समय पर कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
संवाद सूत्र, अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रामनगरी पहुंचे। रामकथा पार्क के समीप बने हेलीपैड पर उनका हेलीकाप्टर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे रामकथा पार्क पहुंचे और दीपोत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की प्रगति परखी। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयोजन स्थल पर व्यवस्था, निर्माण कार्यों और तैयारियों की स्थिति देखी। अधिकारियों से अब तक पूरे हो चुके कार्यों तथा शेष तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी काम पूरे कर लिए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
रामकथा पार्क के बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने सरयू आरती घाट का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन से जुड़े इंतजामों को देखा। इसके बाद राम की पैड़ी पर तैयार किए जा रहे मंच का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपोत्सव से संबंधित सभी कार्य तय समय पर पूरे हों।
घाटों, मार्गों और आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं को आवागमन, दर्शन तथा अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समन्वय बनाए रखने और तैयारियों की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री दर्शन-पूजन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान एवं अयोध्या जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ महापौर महांत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान और अभय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पर्याप्त सीसीटीवी लगाए जाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी लगाए जाने तथा भीड़ नियंत्रण एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया।
बजरंगबली तथा रामलला का किया दर्शन-पूजन
मुख्यमंत्री अपनी प्रत्येक अयोध्या यात्रा की तरह इस बार भी हनुमानगढ़ी में विराजे बजरंगबली तथा रामजन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर में विराजे रामलला का दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में ही स्थित यात्री सुविधा केंद्र के सभागार में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ दीपोत्सव की तैयारियों एवं अयोध्या के विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा भी की।
बैठक में रामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र, ट्रस्ट के सचिव जगदीश आफले, डीजीपी राजीव कृष्ण तथा पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।