अयोध्या में स्थापित होगी छत्रपति शिवाजी महाराज की 17 फीट ऊंची प्रतिमा, 27 दिसंबर को होगा भव्य कार्यक्रम
अयोध्या में छत्रपति शिवाजी महाराज की 17 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा 27 दिसंबर को एक भव्य कार्यक्रम में स्थापित होगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अयोध्या में 17 फीट ऊंची छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा स्थापित होगी।
गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र में 27 दिसंबर को भव्य कार्यक्रम प्रस्तावित है।
यह प्रतिमा शिवाजी महाराज के साहस और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएगी।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। स्वराज, साहस, सुशासन और राष्ट्रसम्मान के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की 17 फिट ऊंची प्रतिमा स्थापित होगी। उनके जीवन और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र के महबूबगंज बाजार स्थित साई बाबा कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
भाजपा नेता डॉ. सर्वेश कुमार वर्मा ने बताया कि 27 दिसंबर को प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें करीब 30 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। सिविल लाइन स्थित शाने अवध होटल सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. वर्मा ने बताया कि प्रतिमा का निर्माण कुशल कारीगरों द्वारा पूरा किया जा चुका है।
इसकी कुल ऊंचाई लगभग 17 फीट होगी, जिसमें 11 फीट की प्रतिमा और शेष आधार शामिल होगा। पालीमर सामग्री से निर्मित प्रतिमा की आयु लगभग 100 वर्ष बताई गई है।

कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, स्वाभिमान, कुशल नेतृत्व और जनकल्याण की प्रेरणा देता है। नई पीढ़ी को उनके चरित्र, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि आयोजन को सामूहिकता का स्वरूप देने के लिए गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के सभी 475 बूथों और प्रत्येक ग्राम सभा से अक्षत एकत्र करने की योजना है। प्रतिमा के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है।
डॉ. मंगला वर्मा, अनोखेलाल, अनिल कुमार, संदीप मौर्या, दीपक कुमार जायसवाल, विनोद कुमार वर्मा, राम उदित, दीपू वर्मा, लल्लू निषाद, अनुराग विश्वकर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- आजमगढ़ में इलाज से पहले बनेगा आभा कार्ड, मरीजों का डिजिटल रिकॉर्ड होगा तैयार
