विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ में इलाज से पहले बनेगा आभा कार्ड, मरीजों का डिजिटल रिकॉर्ड होगा तैयार

Published: Sat, 24 Oct 2026 03:47 PM (IST)

आजमगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अब मरीजों के इलाज से पहले आभा कार्ड बनाया जाएगा। इससे मरीजों के स्वास्थ्य ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज से पहले बनेगा आभा कार्ड।

  2. मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड अब डिजिटल रूप में उपलब्ध होंगे।

  3. पुरानी जांच और उपचार का ब्योरा एक जगह मिलेगा।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को डिजिटल करने की तैयारी में स्वास्थ्य विभाग जुट गया है। अब इलाज से पहले मरीजों का आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) कार्ड बनाने पर जोर रहेगा।

इसके जरिए मरीज की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान तैयार होगी और भविष्य में कराई गई जांच, उपचार तथा चिकित्सकीय परामर्श का रिकॉर्ड एक जगह उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे बार-बार अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की पुरानी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाना आसान हो सकता है।

जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज बुखार, खांसी, पेट दर्द, त्वचा रोग और अन्य बीमारियों का उपचार कराने पहुंचते हैं। कई मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में जांच करानी पड़ती है। ऐसे में पुरानी पर्ची और जांच रिपोर्ट संभालकर रखना उनके लिए चुनौती बन जाता है।

आभा कार्ड के माध्यम से मरीज की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान बनाने का उद्देश्य इसी परेशानी को कम करना है। इसके लिए अस्पताल में आने वाले मरीजों को कार्ड बनवाने के प्रति जागरूक करने और पंजीकरण प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

एक जगह उपलब्ध हो सकेगा स्वास्थ्य का ब्योरा

आभा कार्ड 14 अंकों की विशिष्ट डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है। इसके माध्यम से मरीज की सहमति से संबंधित डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को जोड़ा और साझा किया जाएगा। इससे चिकित्सक को मरीज के पुराने उपचार, जांच रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध स्वास्थ्य दस्तावेजों को समझने में सहूलियत मिल सकती है। हालांकि रिकॉर्ड तभी उपलब्ध होगा, जब संबंधित दस्तावेज डिजिटल रूप में जुड़े हों और मरीज उन्हें साझा करने की सहमति देगा।

आभा कार्ड का उद्देश्य मरीज को एक डिजिटल स्वास्थ्य पहचान उपलब्ध कराना है। उपचार की व्यवस्था डिजिटल होने से पर्चा का झंझट खत्म हो जाएगा। -डॉ. उमाशरण पांडेय, नोडल अधिकारी।