विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में बसपा की रैली, युवा नेता आकाश आनंद ने भाजपा से मांगा दस वर्ष के काम का हिसाब

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:34 PM (IST)

Akash Anand Rally in Ayodhya:  भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, महिला सुरक्षा और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को लेकर तीखे हमले किए।

बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में रैली को संबोधित करते पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद

बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में रैली को संबोधित करते पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद

HighLights

  1. बीकापुर में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक बोले- विज्ञापनों से नहीं चलेगा प्रदेश

  2. भाजपा के साथ सपा-कांग्रेस को भी घेरा, बसपा शासनकाल की योजनाएं गिनाईं

  3. छह दिसंबर को लखनऊ पहुंचने का किया आह्वान

  4. बीकापुर से पूर्व विधायक जितेन्द्र सिंह बबलू को घोषित प्रत्याशी

जागरण संवाददाता, अयोध्या। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने राम नगरी के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के पंडित पुरवा में जनसभा कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सियासी जमीन तैयार करने का प्रयास किया।

उन्होंने भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, महिला सुरक्षा और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को लेकर तीखे हमले किए। सपा और कांग्रेस को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि इन दलों की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने बसपा शासनकाल की योजनाओं और उपलब्धियों का सिलसिलेवार उल्लेख कर जनता से बसपा को मजबूत करने की अपील की।

आकाश आनंद ने कहा कि भाजपा सरकार के दस साल में जनता को विकास के विज्ञापन खूब देखने को मिले, लेकिन जमीन पर रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। सरकार ने प्रचार पर सात करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन अस्पतालों में आग से बचाव के इंतजाम, सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने और युवाओं को रोजगार देने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों सरकारी पद खाली हैं और दो करोड़ से अधिक युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं। भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

अपराध के सरकारी आंकड़ों का हवाला

आकाश आनंद ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने अपराध के सरकारी आंकड़ों का हवाला दिया। कहा कि महिलाओं को कैमरे के सामने कार्रवाई दिखाने वाली व्यवस्था नहीं, बल्कि वास्तविक सुरक्षा चाहिए। कानून व्यवस्था के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर है। उन्होंने सरकारी स्कूलों के बंद होने और शिक्षकों के पद खाली रहने का मुद्दा भी उठाया।

सपा नेताओं में बड़ा विरोधाभास

सपा पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही पार्टी अपनी राजनीतिक रणनीति और सामाजिक समीकरण बदलने लगती है। आंबेडकरवादी होने का दावा करने वाली सपा के नेताओं के बयानों और व्यवहार में विरोधाभास है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव की एक टिप्पणी को बहुजन समाज के सम्मान से जोड़ते हुए माफी मांगने की मांग की। वहीं कांग्रेस को बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर के ऐतिहासिक सम्मान, आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर घेरा। कहा कि केवल बाबा साहब का नाम लेने से किसी दल की नीयत प्रमाणित नहीं होती, उसका इतिहास भी देखना चाहिए।

आकाश ने बसपा शासनकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा और बहुजन महापुरुषों के सम्मान में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार ने वंचित समाज को शिक्षा और सम्मान के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास किया। पार्टी की सरकार में कानून व्यवस्था, रोजगार और जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई थी। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना होगा। पांच किलो राशन की कतार में खड़े रहने के बजाय युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर मिलने चाहिए।

आकाश आनंद ने सभा में मौजूद लोगों से छह दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। कहा कि खेत-किसानी और रोजमर्रा के काम छोड़कर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं, जो बसपा के प्रति विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने बीकापुर से बसपा के घोषित प्रत्याशी जितेंद्र सिंह बब्लू के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान किया। आकाश ने कहा कि बसपा केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और बहुजन महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ाने के मिशन के साथ राजनीति करती है।

जनसभा में कटारी से मरुत मिश्र, आलमपुर से गौतम, अकबरपुर से मनोज कुमार वर्मा, जलालपुर से डा. दयाराम, सुलतानपुर से इम्तियाज अहमद व गुड्डू, मदनलाल वर्मा, बाराबंकी से मोहम्मद मुबाशिर सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सभा की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।