विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में खोई जमीन तलाश रही बसपा, जनसभा से 12 साल के 'सूखे' को खत्म करने की तैयारी में आकाश आनंद

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:52 PM (IST)

बसपा अयोध्या में अपनी खोई हुई सियासी जमीन वापस पाने का प्रयास कर रही है, जिसके लिए 20 नवंबर को आकाश आनंद की जनसभा होगी।

20 नवंबर को आकाश आनंद करेंगे जनसभा।

20 नवंबर को आकाश आनंद करेंगे जनसभा।

HighLights

  1. बसपा अयोध्या में अपनी सियासी जमीन तलाश रही है।

  2. 20 नवंबर को आकाश आनंद की जनसभा प्रस्तावित है।

  3. पार्टी पिछले तीन चुनावों से खाता नहीं खोल पाई।

प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। रामनगरी में बहुजन समाज पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी सियासी जमीन दोबारा हासिल करने और संगठनात्मक सक्रियता को धरातल पर मजबूती में बदलने की है। स्थानीय स्तर पर पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने के लिए नए सिरे से जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

वहीं 20 नवंबर को राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद की जनसभा के जरिये कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की तैयारी है। सवाल यह है कि इन कवायदों से बसपा अपने पुराने जनाधार से कितना जुड़ पाएगी और क्षेत्र में संगठन को कितनी मजबूती मिल सकेगी।

तीन चुनावों में नहीं खुला था खाता

रामनगरी की पांच विधानसभा क्षेत्रों में पिछले तीन विधानसभा चुनाव वर्ष 2012, 2017 व 2022 में बसपा खाता नहीं खोल सकी है। वर्ष 2012 में जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में से चार पर सपा व एक पर भाजपा का कब्जा रहा।

2017 में सभी सीटों पर कमल खिला था। 2022 में तीन सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया तो दो सीटों पर सपा। ऐसे में धरातल पर सिमट चुकी बसपा के सामने जनाधार वापस पाने की चुनौती होगी।

बीकापुर के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बब्लू की पार्टी में वापसी के बाद उन्हें विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, अयोध्या विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सुरेश यादव को सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के जरिये पार्टी स्थानीय स्तर पर संगठन को व्यवस्थित करने और राजनीतिक गतिविधियों को गति देने की कोशिश में है।

20 नवंबर को आकाश आनंद करेंगे जनसभा

20 नवंबर को आकाश आनंद की जनसभा को बसपा के संगठनात्मक अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश जनसभा के माध्यम से कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की है। यह जनसभा बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बताया कि आकाश आनंद की जनसभा की तिथि घोषित हो चुकी है। स्थान जल्द ही चयनित कर लिया जाएगा। तीन स्थल चयनित किए जाएंगे, जिस पर परमीशन मिलेगी, वहां पर जनसभा आयोजित होगी। पांचों सीटों पर जीत का दावा करते हुए उन्होंने बताया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में बसपा सभी सीटों पर जिताऊ उम्मीदवार उतारेगी।

यह भी पढ़ें- फतेहपुर पहुंचे केशव प्रसाद, कहा- विदेशी ताकतों के बूते दिल्ली में राहुल का आंदोलन फ्लाप शो