यूपी चुनाव की रणनीति बनाने के लिए महिलाओं से फीडबैक ले रही भाजपा, अयोध्या में पदाधिकारी कर रही भ्रमण
भाजपा 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों के लिए महिलाओं से फीडबैक ले रही है। अयोध्या में महिला विस्तारक योगी सरकार के कामकाज पर राय जानने और उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध करने के लिए गांवों का दौरा कर रही हैं।

महिला संवाद के बाद अयोध्या विस क्षेत्र की प्रवासी व मध्य प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री प्रमिला यादव। फोटो जागरण
HighLights
भाजपा 2027 यूपी विधानसभा चुनावों के लिए महिला रणनीति बना रही।
महिला विस्तारक अयोध्या में महिलाओं से फीडबैक ले रही हैं।
सरकार के कामकाज और समस्याओं पर जानकारी एकत्र की जा रही।
प्रवीण तिवारी, अयोध्या। भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावी दंगल में सपा जहां जातिगत समीकरण और पीडीए के सहारे चुनावी रणनीति तैयार कर रही है, वहीं भाजपा राष्ट्रवाद और हिंदू मतों के सहारे चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है। साथ पार्टी आधी आबादी को भी विशेष प्राथमिकता दे रही है।
महिलाओं को साधने के लिए पार्टी ने चुनावी मैदान में उतरने से पहले ही बड़ा कदम उठाया है। इस बार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अलग से महिला विस्तारकों की तैनाती की, जो महिलाओं के बीच जाकर उनसे योगी सरकार के कामकाज पर फीडबैक ले रही हैं। साथ ही उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध करने के साथ यह भी बता रहीं हैं कि विपक्ष ने महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया, अन्यथा ये विधेयक संसद में पारित हो जाता।
इन सीटों पर महिला पदाधिकारी कर रही भ्रमण
फिलहाल पिछले कुछ दिनों से जिले की अयोध्या, रुदौली और मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक लगातार भ्रमण कर रही हैं। ये दूसरे प्रदेशों की प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी हैं, जो गांव-गांव और कस्बे-कस्बे पहुंच कर महिलाओं से संवाद कर रही हैं। सरकार के कामकाज को लेकर जमीनी हकीकत जानने की कोशिश में लगी हैं।
अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में मध्य प्रदेश की महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री प्रमिला यादव तैनात की गई हैं। मिल्कीपुर में झारखंड की अर्चना सिंह और रुदौली में झारखंड की रमा सिन्हा विस्तारक बनाकर भेजी गई हैं।
महिलाओं से कर रहीं संवाद
प्रमिला यादव ने महानगर के सभी चार मंडलों में जाकर, बूथ संयोजकों, प्रबुद्धजनों, महिला लाभार्थियों सहित अन्य सामाजिक वर्गों से संवाद कर चुकी हैं। अन्य विस क्षेत्रों की विस्तारक महिलाओं की अपेक्षाओं, समस्याओं तथा सरकार के प्रति उनके नजरिये को समझ रही हैं और अपनी दैनिक गतिविधियों की रिपोर्ट सरल एप पर अपलोड कर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी सूचित कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार इनके फीडबैक का प्रभाव प्रत्याशी चयन में देखने को मिला सकता है और निर्णायक भूमिका निभा सकता है। इस अभियान के जरिए महिलाओं की नब्ज टटोलने के साथ उनकी चुनावी प्राथमिकताओं व भूमिकाओं को भी समझने का प्रयास किया जा रहा है।
बीकापुर व गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में इस तरह का अभियान जल्द ही शुरू होगा। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी की योजना के अनुसार ही दूसरे प्रदेशों से महिला पदाधिकारी आकर यहां संवाद के कार्यक्रम कर रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।