अयोध्या में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष बने सियाराम रावत, अभिषेक नागर को भी मिली अहम जिम्मेदारी
अयोध्या में भाजपा ने अनुसूचित मोर्चा और किसान मोर्चा के लिए नए जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। सियाराम ...और पढ़ें

भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष बने सियाराम रावत।
HighLights
सियाराम रावत अनुसूचित मोर्चा अयोध्या के जिलाध्यक्ष बने।
अभिषेक नागर को अनुसूचित मोर्चा महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया।
अनुराग त्रिपाठी किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष, रॉकी द्विवेदी महानगर अध्यक्ष।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सियाराम रावत व महानगर अध्यक्ष अभिषेक नागर को मनोनीत किया गया है। वहीं किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष अनुराग त्रिपाठी को बनाया गया है।
किसान मोर्चा के महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी युवा भाजपा नेता राकी द्विवेदी को सौंपी गई। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता गोकरण द्विवेदी के पुत्र हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति के उपरांत किसान मोर्चा व अनुसूचित जाति मोर्चा पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
अनुसूचित मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सियाराम रावत मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसी क्षेत्र के जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी भी हैं। सियाराम रावत ने वर्ष 1995 में पंचायत चुनाव से राजनीति की शुरुआत की। वह ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य भी रहे है। वर्ष 2012 में वह विधायक रामचंद्र यादव के साथ भाजपा में शामिल हुए थे।
सियाराम रावत ने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास व भरोसा जताया है, उस पर खरे उतरने का भरसक प्रयास होगा। महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी पाने वाले अभिषेक सागर छात्र राजनीति से जुड़े रहे। वह साकेत महाविद्यालय में छात्रसंघ का चुनाव लड़ चुके हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी कार्यालय सआदतगंज में उनका स्वागत किया गया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में अनुसूचित मोर्चा की अहम भूमिका रहती है।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष अभिषेक सागर ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, महामंत्री परमानंद मिश्रा, अभिलाष पांडेय, स्वप्निल श्रीवास्तव, शशि प्रताप सिंह, विकास गुप्ता, आकाश सोमवंशी, ज्वाला सोनी, यश पाठक बाबा, आयुष पाण्डेय, शुभेन्दु सिंह ने सभी नव मनोनीत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
