विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'टिकट अखिलेश के परिवार को, कार्यकर्ता सिर्फ ताली बजाएगा', BJP नेता अमरपाल मौर्य ने सपा प्रमुख पर कसा तंज

Published: Mon, 12 Oct 2026 10:37 PM (IST)

भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने अखिलेश यादव पर परिवारवाद और सामाजिक न्याय के नाम पर कार्यकर्ताओं के शोषण का आरोप लगाया है।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य।

HighLights

  1. सपा में परिवारवाद पर अमरपाल मौर्य ने उठाए सवाल।

  2. अखिलेश यादव पर महापुरुषों के अपमान का आरोप।

  3. चुनाव आयोग पर सपा के दोहरे रवैये की आलोचना।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्य सभा सदस्य अमरपाल मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से कई चुभते सवाल पूछे हैं। प्रदेश कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता कर मौर्य ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं भागीदारी का दावा करने वाले अखिलेश बताएं कि जिन सपा कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लगाए। झंडे उठाए, लाठियां खाईं, जेल गए।

वर्षों तक पार्टी को सींचा, उनमें से कितनों के बेटे सांसद बने। आखिरकार परिवार में दर्जनों पद क्यों बांटे गए। क्या केवल सिर्फ एक परिवार ही नेतृत्व करने में सक्षम है। मौर्य ने कहा कि सत्ता आपके परिवार को और संघर्ष कार्यकर्ता का। सामाजिक न्याय के नाम पर परिवारवाद नहीं चलेगा।

अमरपाल ने कहा कि जब-जब समाजवादी पार्टी की सरकार रही, तब-तब महापुरुषों का अपमान किया गया है। याद दिलाया कि तत्कालीन ताकतवर मंत्री आजम खान ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को भू-माफिया बताया था, लेकिन अखिलेश ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की।

उत्तर प्रदेश में दलित समाज की नेता मायावती के साथ गेस्ट हाउस कांड में चीरहरण की कोशिश की गई, जिसे पूरा देश और दुनिया जानती है। कहा कि जब सपा चुनाव जीत जाती है, तब उन्हें चुनाव आयोग बिल्कुल सही लगता है, लेकिन जब वे हार जाते हैं तो आयोग पर सवाल खड़ा करने लगते हैं।

ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया ने जिस समाजवाद को आगे बढ़ाया था, आज अखिलेश यादव के नेतृत्व में वह केवल एक परिवार तक सिमट कर रह गया है। यह समाजवादी नहीं, बल्कि परिवारवादी पार्टी है। जिन लोगों में चुनाव लड़कर जीतने की हिम्मत नहीं है, वे कॉकरोचों के सहारे राजनीति करने में लगे हैं।

यह भी पढ़ें- बलिया में बनेगा महर्षि भृगु कॉरिडोर, लाइट एंड साउंड शो, मल्टीपर्पज हॉल और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा आश्रम