नोएडा ट्रेड शो में चमके अयोध्या के पारंपरिक उत्पाद, कुल्हड़ वाली दही-जलेबी और चिकनकारी ने जीता दिल
अयोध्या के पारंपरिक उत्पाद नोएडा में आयोजित ट्रेड शो में अंतरराष्ट्रीय मंच पर छा गए, जहां कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, पेड़ा और चिकनकारी ने विदेशी खरीदारों का ध्यान खींचा।
-1791045056217_m.webp)
HighLights
अयोध्या के पारंपरिक उत्पादों को नोएडा ट्रेड शो में मिला अंतरराष्ट्रीय मंच।
कुल्हड़ दही-जलेबी, पेड़ा और चिकनकारी ने विदेशी खरीदारों का ध्यान खींचा।
योगी सरकार की योजनाओं ने स्थानीय उद्यमियों को व्यापार के नए अवसर दिए।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी की पहचान अब सिर्फ राम मंदिर और धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रही। यहां के पारंपरिक उत्पाद भी देश-दुनिया के बाजार में अपनी जगह बना रहे हैं।
योगी सरकार की योजनाओं से प्रोत्साहन व जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से जिले के छोटे उद्यमियों को नोएडा में आयोजित ट्रेड शो में अंतरराष्ट्रीय मंच मिला। यहां कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, पेड़ा और चिकनकारी के उत्पादों ने खरीदारों का ध्यान खींचा व उद्यमियों को नए कारोबारियों से संपर्क और विदेशी खरीदारों से बातचीत का अवसर मिला।
ट्रेड शो में पूनम सिंह इम्ब्रायडरी एंड काच, मौर्य स्वीट्स भंडार और मौर्य स्वीट्स एंड कैफे जैसे स्थानीय उद्यमों ने हिस्सा लिया। इन उद्यमियों ने न सिर्फ अच्छी कमाई की, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन और दुबई के खरीदारों से सीधी मुलाकात की।
जिला उपायुक्त उद्योग प्रभात रंजन शुक्ल के अनुसार उद्यमियों ने कहा कि ऐसे मंचों तक पहुंचने का अवसर आसानी से नहीं मिलता था। योगी सरकार की एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) व एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना, एमएसएमई प्रोत्साहन और प्रशासनिक सहयोग से उन्हें उत्पादों के प्रदर्शन के साथ लाभ कमाने और नेटवर्किंग का अवसर मिला। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
कुल्हड़ वाली दही-जलेबी रही ट्रेड शो की खास पसंद
ओडीओसी योजना के तहत मौर्य स्वीट्स के प्रोप्राइटर दीपनारायण मौर्य ने कुल्हड़ वाली दही-जलेबी के साथ ट्रेड शो में हिस्सा लिया। उनके स्टाल पर रोजाना करीब 35 से 40 हजार रुपये का टर्नओवर रहा। ट्रेड शो के दूसरे दिन से ही घरेलू खरीदारों के साथ विदेशी खरीददारों ने भी अयोध्या की पारंपरिक कुल्हड़ वाली दही-जलेबी का स्वाद चखा।
छाया रहा रामनगरी का पेड़ा
ओडीओसी योजना के तहत मौर्य स्वीट्स एंड कैफे की प्रोप्राइटर पम्मी मौर्य ने पेड़े के साथ ट्रेड शो में भाग लिया। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में उनके उत्पाद को लेकर प्रदेश व अन्य देशों से आए प्रतिभागियों में रुचि दिखाई।
15 लोगों ने मांगी फ्रेंचाइजी
रामनगरी उत्पादों को अच्छा प्रतिसाद मिला। दीप नारायण मौर्य ने बताया कि करीब 15 लोगों ने उनके उत्पादों की फ्रेंचाइजी या सहयोग की मांग की। पूनम सिंह इम्ब्रायडरी एंड काच की प्रोप्राइटर पूनम सिंह के स्टाल पर चिकनकारी के कपड़ों की मांग रही। ट्रेड शो से उन्हें करीब पांच लाख रुपये का मुनाफा हुआ।
