कार्तिक शुक्ल नवमी विशेष: आज के ही दिन हुई अयोध्या की स्थापना, महान संतों और कई धर्मों का है संगम
कार्तिक शुक्ल नवमी (अक्षय नवमी) के दिन अयोध्या को धरती पर स्वर्ग के केंद्रीय प्रभाग के रूप में स्थापित किया ...और पढ़ें

सरयू तट से अयोध्या नगरी। फोटो- जागरण
HighLights
अक्षय नवमी पर अयोध्या धरती पर स्वर्ग के रूप में स्थापित।
सृष्टि का आरंभ इसी दिन, विष्णु चक्र पर स्थित नगरी।
जैन, बौद्ध, सिख गुरुओं और संतों से जुड़ी है अयोध्या।
रघुवर शरण, अयोध्या। जिस कार्तिक शुक्ल नवमी यानी अक्षय नवमी को रामनगरी की 14 कोसी परिक्रमा होती है, वह अनेक विशिष्टताओं से युक्त है। पौराणिक मान्यता के अनुसार इसी दिन न केवल सृष्टि का आरंभ हुआ, बल्कि स्वर्ग के केंद्रीय प्रभाग को धरती पर अयोध्या के रूप में स्थापित किया गया। स्थापना के साथ ही यह नगरी अपार गौरव से अभिषिक्त हुई। सृष्टि के आरंभ में मनु वैकुंठ का आनंद छोड़ कर अन्यत्र नहीं जाना चाहते थे और भगवान की इच्छा के अनुसार सृष्टि का सृजन अपरिहार्य था।
ऐसे में भगवान ने धरती पर सृष्टि के आरंभ में वैकुंठ के केंद्रीय प्रभाग के रूप में अयोध्या की स्थापना कराई। पुराण यह भी कहते हैं कि यह नगरी भगवान विष्णु के चक्र पर स्थापित है। अयोध्या की महत्ता सात मोक्षदायिनी नगरियों की सूची से भी विवेचित है। इसमें मथुरा, हरिद्वार, कांशी, कांची, उज्जैन, द्वारिका के साथ अयोध्या का उल्लेख सबसे पहले किया गया है। इसे मात्र संयोग ही नहीं कहा जा सकता। एक अन्य विवरण में अयोध्या को भगवान विष्णु का मस्तक बताया गया है।
अयोध्या का वैशिष्ट्य श्रीराम के अवतार से शिखर पर पहुंचता है, किंतु उनके कई पूर्वजों ने भी इस दिव्य-दैवी नगरी को प्रतिष्ठापित करने के साथ संपूर्ण मानवता को समुन्नत किया। मनु सहित इक्ष्वाकु, पृथु, दिलीप, रघु,भगीरथ, दशरथ आदि प्रतापी नरेशों से सेवित अयोध्या निरंतर उत्कर्ष का वरण करती रही। अयोध्या जैन मतावलंबियों की भी आस्था के केंद्र में रही है। जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों में से पांच ने यहीं जन्म लिया। यहां जन्म लेने वाले तीर्थंकरों में ऋषभदेव, अजितनाथ, अभिनंदननाथ, अनंतनाथ एवं सुमतिनाथ शामिल हैं।
भगवान बुद्ध ने यहां बरसात की 16 ऋतुओं में वास किया और अनेक कालजयी उपदेश इसी धरती से दिए। प्रथम गुरु नानकदेव, नवम गुरु तेगबहादुर एवं दशम गुरु गोविंद सिंह के भी आगमन से यह नगरी गौरवांवित है। सूफी संत भी अयोध्या की आध्यात्मिकता से अछूते नहीं रहे। अनेक सूफी संत लंबा सफर तय कर यहां पहुंचे और ऊपर वाले को याद करते हुए इसी मिट्टी में दफन हो गए। अयोध्या उन गुप्त नरेशों से भी सेवित रही, जिनके दौर को भारत का स्वर्ण युग कहा जाता है। अयोध्या भगवान कृष्ण से लेकर महान संत एवं दार्शनिक रामानुज तथा रामानंद की भी आस्था के केंद्र में रही है।