विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में बनेगा NSG का रीजनल हब, 65 एकड़ जमीन मुफ्त में देगी योगी सरकार

Published: Wed, 16 Sep 2026 12:31 PM (IST)

अयोध्या में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के क्षेत्रीय हब की स्थापना को मंजूरी मिल गई है, जिसके लिए 65 एकड़ बंजर भूमि गृह मंत्रालय को निःशुल्क हस्तांतरित की जाएगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. अयोध्या में एनएसजी क्षेत्रीय हब की स्थापना को मिली मंजूरी।

  2. गृह मंत्रालय को 65 एकड़ बंजर भूमि निःशुल्क हस्तांतरित होगी।

  3. राम मंदिर के बाद बढ़ी सुरक्षा संवेदनशीलता का समाधान।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी की सुरक्षा व्यवस्था को और अभेद्य बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अयोध्या में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के रीजनल हब की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए मिल्कीपुर तहसील के ग्राम पूरे लालखां में 26 हेक्टेयर (लगभग 65 एकड़) बंजर भूमि गृह मंत्रालय, भारत सरकार के पक्ष में निश्शुल्क हस्तांतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रि परिषद की बैठक में भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामनगरी का महत्व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ा है। रामनगरी में देश-विदेश से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और विशिष्ट अतिथि पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से अयोध्या की संवेदनशीलता भी बढ़ी है।

आवश्यकता पड़ने पर एनएसजी तुरंत पहुंचेगी

एनएसजी के क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना से किसी भी गंभीर सुरक्षा चुनौती की स्थिति में कम से कम समय में प्रशिक्षित कमांडो और अत्याधुनिक संसाधनों की उपलब्धता हो सकेगी। स्थायी रीजनल हब होने से एनएसजी की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता (मिनिमम रिस्पांस टाइम) मजबूत होगी।

अयोध्या ही नहीं, आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भी आवश्यकता पड़ने पर एनएसजी की पहुंच और कार्रवाई अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी। रीजनल हब में एनएसजी के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा।

भूमि का हस्तांतरण गृह मंत्रालय के पक्ष में किया जाना इस परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण औपचारिक कदम माना जा रहा है।
राममंदिर के साथ अयोध्या में लगातार बढ़ रहे धार्मिक, सांस्कृतिक और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को देखते हुए सुरक्षा तंत्र को आधुनिक बनाने की कवायद पहले से जारी है।

कैंट क्षेत्र के मीरनघाट में आठ एकड़ नजूल भूमि पहले से एनएसजी का सेंटर बनाने को दी जा चुकी है। यहां पर निर्माण प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है। अब एनएसजी का क्षेत्रीय हब इस व्यवस्था की अहम कड़ी बनेगा।

यह भी पढ़ें- राधाष्टमी पर आगरा से चलेंगी यूपी रोडवेज की 160 स्पेशल बसें, बरसाना में अस्थाई बस स्टैंड