विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शूटिंग में नेशनल लेवल पर रामनगरी का नाम रोशन कर रहे खिलाड़ी, 89 मेडल जीतकर चमके निशानेबाज

Published: Sat, 05 Sep 2026 11:00 PM (IST)

अयोध्या शूटिंग रेंज के खिलाड़ियों ने एयर राइफल और पिस्टल शूटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर रामनगरी का नाम रोशन किया ...और पढ़ें

शूटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर रामनगरी का नाम रोशन कर रहे खिलाड़ी।

शूटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर रामनगरी का नाम रोशन कर रहे खिलाड़ी।

HighLights

  1. अयोध्या शूटिंग रेंज के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया।

  2. निशानेबाजों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अब तक 89 मेडल जीते।

  3. कोच शनि वर्मा 43 खिलाड़ियों को एयर राइफल, पिस्टल का प्रशिक्षण दे रहे।

विशाल शुक्ल, अयोध्या। जिले में संचालित विभिन्न खेलों के बीच एयर राइफल और एयर पिस्टल शूटिंग में भी खिलाड़ियों ने जिले से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक रामनगरी का नाम रोशन किया है। इसका श्रेय उत्तर प्रदेश राज्य राइफल एसोसिएशन से संबद्ध अयोध्या शूटिंग रेंज को जाता है।

कचहरी के दक्षिण स्थित अयोध्या शूटिंग रेंज के कोच शनि वर्मा बताते हैं कि चार वर्ष पूर्व शूटिंग में बच्चों को प्रशिक्षण प्रदान करने व प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें तैयार करने के लिए तत्कालीन जिलाधिकारी चंद्रविजय सिंह ने शूटिंग रेंज के लिए स्थान उपलब्ध कराया था। तब से रेंज में बच्चों को तराश कर प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किये जाने का क्रम अनवरत बना हुआ है।

वह बताते हैं कि शूटिंग के लिए जिले में कोई प्रशिक्षण केंद्र नहीं था, जो अधिकृत रूप से संचालित हो रहा हो। अयोध्या शूटिंग रेंज ने इसकी शुरुआत की और आज यहां के खिलाड़ी लगभग सभी एयर राइफल व पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक प्री स्टेट में 53, स्टेट 53, प्री नेशनल में 40 और नेशनल प्रतियोगिता में 20 खिलाड़ी प्रतिभाग कर चुके हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में 89 खिलाड़ी मेडल प्राप्त कर चुके हैं।

अयोध्या शूटिंग रेंज से राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेल चुके फाल्गुनी चौधरी, सुमन पाठक, श्रेयांश सिंह, वात्सल्य राय, दीपांकर वर्मा, परवेश कुमार, सानिध्य मिश्र, आरोही राव, ज्योत्सना सिंह, श्रेया सिंह, अपूर्व मौर्य, बिवान श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव आदि ऐसे नाम हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में न केवल प्रतिभाग किया, मेडल प्राप्त कर नाम भी रोशन किया है।

शनि बताते हैं कि 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर पिस्टल का प्रशिक्षण रेंज में प्रदान किया जा रहा है। इस समय 43 खिलाड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो रहे हैं, जिसमें छह बलिकायें और शेष बालक हैं। इसी वर्ष आसनसोल पश्चिम बंगाल, दिल्ली और भोपाल में प्रतियोगिता होगी।