अयोध्या के रुदौली में 85 करोड़ से होगा दो सड़कों का चौड़ीकरण, विधायक रामचंद्र यादव ने किया शिलान्यास
रुदौली क्षेत्र में 85.24 करोड़ रुपये की लागत से भेलसर-उमापुर रेछघाट और भेलसर-टिकैतनगर दो प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रुदौली क्षेत्र में मार्ग की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दो प्रमुख सड़कों को चौड़ा किया जाना है। भेलसर-उमापुर, रेछघाट व भेलसर-टिकैतनगर मार्ग के निर्माण पर करीब 85 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
भेलसर-उमापुर रेछघाट मार्ग को 12 मीटर और भेलसर-टिकैतनगर मार्ग को 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास शनिवार को विधायक रामचंद्र यादव ने किया।
दोनों सड़कों के चौड़ीकरण से रुदौली क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही जाम और सड़क हादसों की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। ये मार्ग अयोध्या, बाराबंकी और अमेठी समेत आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग हैं।
भेलसर-उमापुर रेछघाट मार्ग के चौड़ीकरण पर करीब 57 करोड़ 65 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब 22.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की वर्तमान चौड़ाई 5.5 मीटर है, जिसे बढ़ा कर 12 मीटर किया जाएगा।
परियोजना के तहत सात मीटर चौड़ी डामर सड़क बनाई जायेगी, जबकि दोनों तरफ 2.50-2.50 मीटर की पटरी का निर्माण होगा। निर्माण का जिम्मा मेसर्स राज कंस्ट्रक्शन, सुलतानपुर को दिया गया है। परियोजना के प्रथम चरण के लिए 2.88 करोड़ रुपये की धनराशि भी अवमुक्त हो चुकी है।
निर्माण शुरू होने के बाद इसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, भेलसर-टिकैतनगर मार्ग पर करीब 27 करोड़ 59 लाख रुपये खर्च होंगे। करीब सात मीटर चौड़े इस मार्ग को बढ़ा कर 10 मीटर किया जाएगा।
सड़क के दोनों किनारों पर डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ी पटरी बनाई जाएगी। इस कार्य के लिए सीमांकन पूरा कर लिया गया है। पीडब्ल्यूडी के जेई मिथलेश कुमार ने बताया कि भेलसर-उमापुर रेछघाट मार्ग की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
