विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विजयादशमी 2026: आज दशानन के अंत से अधर्म पर धर्म की होगी जीत, 'जय श्रीराम' से गूंजेगी रामनगरी

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:31 AM (IST)

अयोध्या में विजयदशमी पर रामलीलाओं में दशानन रावण का वध होगा, जिससे अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश गूंजेगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. विजयदशमी पर अयोध्या की रामलीलाओं में होगा रावण का वध।

  2. अंगद-रावण संवाद, सेतु निर्माण, लंका दहन का मंचन हुआ।

  3. अयोध्या में विभिन्न स्थानों पर रामलीलाओं का भव्य आयोजन।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी में शहर से लेकर गांव तक चल रही रामलीलाओं में विजयदशमी पर मंगलवार को दशानन रावण का वध होगा। भगवान श्रीराम के बाण से रावण का अंत होते ही अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश गूंजेगा। रावण वध का प्रसंग देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। रामलीला में भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन आकर्षण का केंद्र रहेगा।

श्रीरामलीला समिति ख्वाजाहाल रुदौली की ओर से आयोजित 137वें श्रीरामलीला मंचन के आठवें दिन रामायण के सर्वाधिक लोकप्रिय प्रसंगों में शामिल रावण-अंगद संवाद का भव्य मंचन किया गया।

पूर्व सांसद लल्लू सिंह भी रामलीला देखने पहुंचे। रावण की भूमिका में अनुराग अग्रवाल और अंगद की भूमिका में श्याम यज्ञसैनी ने अपने प्रभावशाली अभिनय और सशक्त संवाद अदायगी से दर्शकों का मन मोह लिया। दोनों कलाकारों के बीच हुए संवाद ने मंच पर ऐसा वातावरण बनाया कि दर्शक रामायण के इस महत्वपूर्ण प्रसंग से भावनात्मक रूप से जुड़ गए।

आठवें दिन के मंचन में सेतु निर्माण और विभीषण शरणागति जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का भी सजीव मंचन किया गया। इन प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम की मर्यादा, करुणा, धर्मनिष्ठा और शरणागत के प्रति उनकी उदारता का संदेश प्रस्तुत किया गया।

रावण: अंगद संवाद रामायण का एक अत्यंत प्रभावशाली प्रसंग है। जब अंगद प्रभु श्रीराम के दूत बनकर रावण की सभा में पहुंचते हैं, तो वे रावण को माता सीता को सम्मानपूर्वक लौटाकर युद्ध टालने की सलाह देते हैं। लेकिन अहंकार में डूबा रावण उनकी बात मानने से इनकार कर देता है। लीला में राम की भूमिका अक्षत मिश्रा, लक्ष्मण की भूमिका अक्षांश मिश्रा तथा सीता की भूमिका श्रेयांस मिश्रा ने निभाई। हनुमान की भूमिका में मनीष चौरसिया, मेघनाथ की भूमिका में पुनीत कसौधन ने अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया।

तारुन: श्री रामलीला समिति नंसा बाजार में रामलीला के प्रमुख प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। सर्वप्रथम सीता हरण का दृश्य दिखाया गया। सीता की खोज में भटकते राम लक्ष्मण की मुलाकात हनुमान से होती है। हनुमान ब्राह्मण वेश में आकर प्रभु श्रीराम को पहचान लेते हैं और चरणों में गिर पड़ते हैं। श्रीराम उन्हें गले लगाकर भरत के समान भाई कहते हैं। कलाकारों के सजीव अभिनय ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।

गोसाईंगंज: ख्यातिलब्ध रामलीला में चतुर्थ दिवस लंका दहन का मंचन किया गया। अंगद रावण संवाद ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। राम सेना के शांति दूत के रूप में रावण दरबार मे पहुंचे अंगद ने रावण को बहुत समझाने का प्रयास किया,किंतु रावण माता जानकी को वापस करने को तैयार नहीं हुआ। शुभारंभ पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सपा नेता रामसागर वर्मा ने भगवान राम की आरती उतार कर की। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय पराग, मदनलाल जायसवाल, कोषाध्यक्ष गोपीनाथ अंगियार, दिनेश जायसवाल, अनिल गुप्ता, राजकुमार अर्पण, श्यामलाल गुप्ता, उपस्थित रहे।

हैदरगंज: श्री राम लीला समिति हैदरगंज में 68 वें वार्षिक रामलीला महोत्सव के पांचवें दिन प्रस्तुत भव्य कार्यक्रम अद्वितीय एवं प्रेरणादायी रहा। शबरी उद्धार का दिव्य दृश्य, लंका दहन का अद्भुत मंचन, हनुमान की असीम शक्ति और भक्ति का अद्भुत प्रमाण बना। शबरी का किरदार जयप्रकाश अग्रहरि गुड्डू ने अत्यंत भावपूर्ण तरीके से निभाया। रावण का सशक्त और प्रभावशाली अभिनय सचिन अग्रहरि ने कर पूरे पंडाल में उत्साह और जोश का संचार किया। सियाराम सर्राफ, अध्यक्ष रामलीला समिति , उदित सर्राफ, पवन कसौधन, अंकित श्रीवास्तव, प्रिंस कसौधन, संतोष अग्रहरि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- दशहरे पर यामी गौतम करेंगी रावण का वध, विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला में महिला शक्ति की गूंज