रामकथा संग्रहालय में ऐतिहासिक पहल, 17 फीट लंबी और 6 फीट चौड़ी दुर्लभ कलमकारी पेंटिंग संरक्षित
अयोध्या के रामकथा संग्रहालय में कपड़े पर बने एक विशाल कलमकारी चित्र का सफल संरक्षण किया गया है।

HighLights
रामकथा संग्रहालय में विशाल कलमकारी चित्र का संरक्षण।
इंदिरा गांधी कला केंद्र की प्रयोगशाला ने किया यह कार्य।
17 फीट लंबा और 6 फीट चौड़ा है यह चित्र।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से विकसित कराए जा रहे अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में बुधवार को कपड़े पर बने विशाल कलमकारी चित्र को संरक्षित किया गया।
संग्रहालय परिसर में स्थापित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, नई दिल्ली की संरक्षण प्रयोगशाला में युवा संरक्षकों के दल ने 17 फीट लंबे और छह फीट चौड़े कपड़े पर बनी कलमकारी को संरक्षित किया।
संग्रहालय के निदेशक डॉ. संजीव कुमार सिंह ने बताया कि यह जटिल संरक्षण प्रक्रिया इस तरह से क्रियान्वित की गई, जिससे इस पुरावशेष की केवल उम्र ही नहीं बढ़ गई, बल्कि प्रदर्शन के लिए यह तैयार हो गया। उन्होंने इस दुरूह और जटिल संरक्षण कार्य के लिए युवा टेक्स्टाइल संरक्षकों के दल को बधाई दी।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र ने संग्रहालय परिसर में पुरावशेषों को लंबे समय तक संरक्षित करने के लिए एक प्रयोगशाला स्थापित की है।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इसके लिए एमओयू (मेमोरेंडम आफ अंडरस्टैंडिंग) भी किया है। प्रयोगशाला का संचालन आर्कियोलाजिस्ट प्रो. अचल पांड्या के निर्देशन में प्रभारी डा. सत्येंद्र कुमार सिंह कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अयोध्या राम मंदिर में सामान्य दर्शन पास की सुविधा पूरी तरह बंद, वेबसाइट से भी हटाया गया विकल्प
