विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक: रामकथा संग्रहालय में बनेंगी 20 गैलरी; 10 अक्टूबर से शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

Published: Wed, 16 Sep 2026 06:19 AM (IST)

श्रीराम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में रामकथा संग्रहालय में 20 गैलरी बनाने पर चर्चा हुई, जिसकी टेंडर प्रक्रिया 10 ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. रामकथा संग्रहालय में भगवान राम के जीवन पर 20 गैलरी बनेंगी।

  2. गैलरियों के लिए टेंडर प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू होगी।

  3. निर्माण कार्यों की गुणवत्ता हेतु बैंक गारंटी और ऑडिट अनिवार्य।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीराम मंदिर निर्माण समिति की तीन दिवसीय बैठक के अंतिम दिन रामकथा संग्रहालय में मंदिर परिसर और उससे जुड़े विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। बैठक में नवनियुक्त प्रथम सीईओ जितेंद्र मिश्र के शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन वह कतिपय कारणों से नहीं आ सके। अब उनके 19 या 20 सितंबर को अयोध्या आने की संभावना है।

बैठक के बाद निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि राम मंदिर और परिसर में भवन निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित निर्माण कंपनियों से बैंक गारंटी ली जा रही है। अब तक कंपनियों को रनिंग पेमेंट किया जाता था, लेकिन अब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अंतिम भुगतान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

अंतिम बिलों में से 60 से 70 प्रतिशत का ऑडिट इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड करेगा। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।उन्होंने बताया कि रामकथा संग्रहालय में भगवान राम के जीवन चरित्र पर आधारित 20 गैलरियां बनाई जाएंगी। इसके लिए 10 अक्टूबर से टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।

गैलरियों में भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रमुख प्रसंगों के साथ 500 वर्षों तक चले राम मंदिर आंदोलन और न्यायालय की भूमिका को भी प्रदर्शित किया जाएगा। नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि प्रत्येक गैलरी की थीम और कहानी तय हो चुकी है। इन्हीं के आधार पर इमर्सिव, थ्री-डी और अन्य आधुनिक तकनीकों से वीडियो तैयार किए जाएंगे।

टेंडर प्रक्रिया अक्टूबर के अंत तक पूरी होने की संभावना है। इसके बाद गैलरियों को तैयार करने में करीब छह महीने लगेंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में आडिटोरियम का निर्माण भी चल रहा है। इसे पूरा होने में तीन से चार महीने लग सकते हैं और फरवरी तक काम पूरा होने की उम्मीद है।

बैठक में उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम और इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे। मिश्र ने बताया कि मंदिर परिसर की पंचवटी में करीब 200 पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा जीव-जंतुओं के पानी पीने के लिए यहां सुंदर चरही का निर्माण कराया गया है।

यह भी पढ़ें- पिता की याद सहेजेंगे अमिताभ, अयोध्या में बनवाएंगे डॉ. हरिवंशराय बच्चन मेमोरियल