विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता की याद सहेजेंगे अमिताभ, अयोध्या में बनवाएंगे डॉ. हरिवंशराय बच्चन मेमोरियल

Published: Tue, 15 Sep 2026 09:08 AM (IST)

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन अयोध्या में अपने पिता डॉ. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में एक मेमोरियल का निर्माण शुरू करने वाले हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. अमिताभ बच्चन अयोध्या में पिता का मेमोरियल बनवा रहे हैं।

  2. ट्रस्ट ने अयोध्या विकास प्राधिकरण से मानचित्र मंजूरी मांगी है।

  3. दशरथ पथ किनारे 15 करोड़ में भूमि क्रय की गई थी।

आनंदमोहन, अयोध्या। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने पिता डॉ. हरिवंशराय बच्चन की स्मृति को कालजयी बनाये रखने के लिए अयोध्या में मेमोरियल का निर्माण शुरू कराने वाले हैं। इसी क्रम में डॉ. हरिवंशराय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट ने अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) से मानचित्र मंजूर कराने की प्रक्रिया शुरू की है।

निर्माण दशरथपथ के किनारे होना है। सचिव राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि मानचित्र मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया गया है। मंजूरी से पहले मानचित्र से संबंधित प्रारंभिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आपत्ति मांगी जाती है।

अगर किसी को आपत्ति है तो उसे दाखिल करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। मानचित्र मंजूरी की प्रक्रिया को उसी के बाद बढ़ाया जाएगा।

दशरथ पथ का निर्माण अंतिम चरण में

अमिताभ बच्चन ने डॉ. हरिवंशराय बच्चन ट्रस्ट की तरफ से 2023-24 में अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप के द सरयू प्रोजेक्ट में लगभग 54 हजार वर्ग फुट भूमि करीब 15 करोड़ रुपये में क्रय की थी। राम मंदिर निर्माण शुरू होने के बाद अयोध्या में अमिताभ बच्चन के भूमि खरीदने को बड़ी घटना के रूप में देखा गया।

अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप की ओर से दशरथ पथ पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय परिसर विकसित किया जा रहा है। पांच सितारा होटल का भी निर्माण उसी में हो रहा है। रामनगरी को दशरथ समाधि से जोड़ने वाले दशरथ पथ का निर्माण आजकल अंतिम चरण में है।

फोरलेन दशरथ पथ सरयू के अयोध्या-बिल्वहरिघाट तटबंध के सामांतर बनाया गया है। अभिंनदन लोढ़ा ग्रुप की आवासीय कालोनी एनटीपीसी के सोलर प्लांट के पास है। इसी सोलर प्लांट के पास से 67 किमी लंबे रिंग रोड का सरयू नदी पर 42 सौ मीटर लंबा पुल भी निर्माणाधीन है जिसका कार्य सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से ठप है। रिंग रोड अयोध्या के अलावा बस्ती व गोंडा जिले को कनेक्ट करेगा।

यह भी पढ़ें- अयोध्या राम मंदिर और हाई कोर्ट में तैनात होंगे Sniper, सांसद और विधायकों की सुरक्षा को मिलेंगे नए ऑटोमेटिक हथियार