राम मंदिर ट्रस्ट ने बढ़ाई सुगम दर्शन पास की उपलब्धता, अब 90 दिन पहले भी हो सकेगी बुकिंग
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर दर्शन पास व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं, अब प्रतिदिन 2000 ऑनलाइन पास जारी होंगे और 90 दिन पहले बुकिंग संभव है।

राम मंदिर
HighLights
प्रतिदिन 2000 ऑनलाइन दर्शन पास जारी होंगे।
श्रद्धालु अब 90 दिन पहले पास बुक कर सकेंगे।
नई सत्यापन प्रणाली से बुकिंग में पारदर्शिता आएगी।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन दर्शन पास की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब श्रद्धालुओं को प्रतिदिन 2000 ऑनलाइन सुगम पास जारी हो सकेंगे, पहले इनकी संख्या सभी स्लाटों में कुल 975 थी। इसके साथ अब दर्शनार्थी 90 दिन पहले पास बुक करा सकेंगे।
ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने सात अग्रिम चरण व एक तत्काल चरण भी लागू करने को कहा है। हालांकि अभी इसे नहीं लागू किया गया। चरणबद्ध पास वितरण, नई सत्यापन प्रणाली तथा अन्य तकनीकी सुधारों को आवश्यक साफ्टवेयर परिवर्तन एवं परीक्षण के बाद आगामी दिनों में क्रमशः लागू किया जाएगा।
ट्रस्ट की ओर से वरिष्ठ पत्रकार व प्रदेश के सूचना आयुक्त रह चुके सुभाषचंद्र सिंह ने बताया कि महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र, आईटी विभाग तथा ट्रस्ट प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार के उपरांत सुगम दर्शन पास व्यवस्था को पूरी तरह अपग्रेड किया है।
उन्होंने सीईओ को इन व्यवस्थाओं के प्रशासनिक क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। सिंह ने बताया कि सामान्य श्रद्धालुओं के लिए आनलाइन सुगम दर्शन पास की उपलब्धता तत्काल प्रभाव से बढ़ा दी गई है। ट्रस्ट श्रद्धालुओं की मांग, बुकिंग की स्थिति और दर्शन व्यवस्था की निरंतर समीक्षा करेगा और आवश्यकतानुसार इसे आगे भी बढ़ाएगा।
वर्तमान में सुगम पास अधिकतम 15 दिन पहले मिलते हैं। नई व्यवस्था में 90 दिन पहले पास प्राप्त हो सकेंगे। इससे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु समय रहते यात्रा की योजना बनाकर रेल आरक्षण, आवास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कर सकेंगे। 90 व 62 दिन पूर्व का चरण इसी काे ध्यान में रखकर निर्धारित किया गया है।
सुगम पास एक साथ जारी करने के स्थान पर 90, 62, 30, 14, सात, तीन व एक दिन पूर्व अग्रिम उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त तत्काल पास भी उपलब्ध होंगे। विभिन्न चरणों में पास उपलब्ध होने से श्रद्धालु किसी एक समय पर बुकिंग के लिए बाध्य नहीं होंगे।
तकनीकी सत्यापन के बाद 24 से 48 घंटे में होगी पास की पुष्टि
व्यवस्था के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए ट्रस्ट नई सत्यापन आधारित बुकिंग प्रणाली विकसित कर रहा है। इसमें अग्रिम आवेदन करते ही पास की तत्काल पुष्टि नहीं होगी। आवश्यक तकनीकी सत्यापन के उपरांत सामान्यतः 24 से 48 घंटों के भीतर पास जारी करने संबंधी निर्णय की सूचना दी जाएगी।
आवेदन जमा होना ही पास की पुष्टि नहीं माना जाएगा। इस प्रक्रिया से असामान्य अथवा संदिग्ध बुकिंग गतिविधियों की पहचान और आवश्यक जांच करने में सहायता मिलेगी। दर्शन वाले दिन के तत्काल पासों की पुष्टि तुरंत होगी। उन पर यह प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी। सुगम दर्शन पास पूर्णतः निश्शुल्क होंगे।
श्रद्धालुओं को शिकायत का भी मिलेगा अवसर
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि सुगम पास पूर्णतः निश्शुल्क होंगे। यह सूचना सभी पास पर अंकित रहेगी। यदि कोई इस एवज में शुल्क लेता है, तो उसकी फोन नंबर-8009522111 व report@srjbtk.org पर शिकायत भी की जा सकेगी।
दोनों शिकायत माध्यम एक सप्ताह में सक्रिय हो जाएंगे। प्राप्त शिकायतों की तत्परता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से सुगम पास की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट https://online.srjbtkshetra.org से ही करने की अपील की है।
