विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामजन्मभूमि परिसर में बनेगा गो सदन, देसी गाय के शुद्ध घी से सुवासित होगा रामलला का भोग

Published: Wed, 18 Nov 2026 09:48 AM (IST)

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामजन्मभूमि परिसर में गो सदन स्थापित करने का निर्णय लिया है, जहां देसी गायों का पालन होगा।

रामजन्मभूमि परिसर में गो सदन बनाने की तैयारी में जुटे लोग। (तस्वीर- जागरण)

रामजन्मभूमि परिसर में गो सदन बनाने की तैयारी में जुटे लोग। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. रामजन्मभूमि परिसर में गो सदन स्थापित करने का निर्णय।

  2. रामलला के भोग-प्रसाद हेतु शुद्ध देसी दूध, घी उपलब्ध।

  3. देसी गायों का पालन-पोषण, गोसेवा को मिलेगा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। गोपाष्टमी के अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामजन्मभूमि परिसर में गो सदन स्थापित करने का निर्णय लिया है। परिसर में श्रीराम निवास के समीप इसके लिए स्थान चिह्नित कर निर्माण आरंभ कर दिया गया है।

गायों की देखभाल के लिए वहां आवश्यक आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। गोसदन का आरंभ आठ से दस देसी गायों के साथ होगा। यहां केवल देसी नस्ल की गायों का पालन और संवर्धन किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार आगे गोसदन का विस्तार किया जा सकेगा।

इस पहल से गोसेवा और संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। रामलला की दैनिक सेवा में पूजन, अभिषेक और भोग-प्रसाद के लिए देसी गाय का शुद्ध दूध, दही और घी मंदिर परिसर में ही उपलब्ध हो सकेगा। सनातन परंपरा के अनुरूप मंदिर परिसर में गोमाता की मांगलिक उपस्थिति भी रहेगी।

यज्ञशाला में वैदिक विधि से हुआ गोपूजन

गोसदन की स्थापना के उपलक्ष्य में मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। धार्मिक व्यवस्था प्रमुख आचार्य इंद्रदेव मिश्र के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ विधिपूर्वक गोपूजन संपन्न हुआ।

ट्रस्ट के समाचार प्रबंधक सुभाष चंद्र सिंह के अनुसार इस कार्यक्रम में ट्रस्टी व निर्मोही अखाड़ा के महांत दिनेंद्रदास, मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेन्द्र मिश्र, सचिव जगदीश आफले, अर्चक प्रमुख केशव शर्मा और धार्मिक व्यवस्था प्रमुख आचार्य इंद्रदेव मिश्र सहित पवन कंसल, तुषार गोयल, ब्रह्मा गोयल, मोहित पांडे, पुष्पदीप, आदर्श पाठक, प्रदीप पांडे और विशाल पांडे उपस्थित रहे।

गोपाष्टमी पर कारसेवकपुरम में गायों का पूजन कर दिया गया गोपालन का संदेश

अयोध्या : कारसेवकपुरम स्थित श्रीराम गोशाला में मंगलवार को गोपाष्टमी पर्व मनाया गया और गायों का पूजन कर गोपालन का संदेश दिया गया। समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज ने हिंदू समाज का आह्वान करते हुए कहाकि गो-पालक हिंदू दुग्ध लेने के बाद गायों को सड़क पर छोड़ना बंद करे। यह घोर पाप है। पूजन कर्मकांड भले ही न करें, पर गायों को सड़क पर छोड़ना बंद करें।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में श्रीराम वेद विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रदेव मिश्र, पुष्पदीप शुक्ला, गोपाल पांडेय व दो अन्य बटुकों ने सर्वप्रथम गौरी-गणेश स्थापना के साथ कलश पूजन, गो-पूजन, पुरुष सूक्त व श्रीसूक्त के साथ भगवान श्रीराम के 108 नामों के मंत्रोच्चार से आहुतियां देकर यज्ञ कराया।

इसके बाद गोमाता की आरती कर गो-सेवकों अमित तिवारी, सुभाष पांडेय, सुनील, तेज बहादुर, सहजराम मौर्य, रामजी, रीना सिंह, मानिक राजपूत, कमला देवी, सर्वेश शुक्ला को सम्मानित किया गया। अंत में विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहाकि गो-दुग्ध में पाया जाने वाला पीलापन कैरोटीन तत्व के कारण है।

यह वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है कि जिसने भी बाल्यावस्था से गो-दुग्ध का पान किया, उसकी ज्ञानेंद्रियां तुलनात्मक रूप से अधिक विकसित होती हैं और वह मेधावी होता है। अंत में गोशाला प्रबंधक पुरुषोत्तम नारायण सिंह ने सभी को प्रसाद वितरण किया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से गोशाला उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद लल्लू सिंह, पूर्व महापौर रिषिकेश उपाध्याय, सह प्रबंधक विजय सिंह बंटी, कोषाध्यक्ष अजय रस्तोगी, सदस्य लालजी जायसवाल, मुकेश, धनंजय पाठक, जीतेंद्र मिश्र, विहिप सहप्रांत मंत्री धीरेश्वर वर्मा, कौशिक प्रामाणिक, जिला मंत्री अखिलेश, अरुण, मीना सिंह उपाध्यक्ष विहिप मातृशक्ति, वीरेंद्र वर्मा, बृजलाल यादव, शरद शर्मा, बालचंद्र वर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन उमेश पोरवाल ने किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।